स्वस्थ रहने के लिए बहुत जरूरी है ब्लड सर्कुलेशन का सही होना, ये संकेत बताते है इसकी खराबी

आपका शरीर हजारों रक्त वाहिकाओं से बना है, जो सर्कुलेटरी सिस्टम का निर्माण करती हैं। शरीर का ये सर्कुलेटरी सिस्टम रक्त, ऑक्सीजन और पोषक तत्वों को शरीर के विभिन्न अंगों तक भेजने के लिए जिम्मेदार होता है। शरीर को सुचारू रूप से चलाने के लिए सही और हेल्दी ब्लड सर्कुलेशन का होना बेहद आवश्यक होता है। अगर सर्कुलेशन खराब हो जाए तो आपके शरीर में कई सारी बीमारियां पनपने लगेंगी। ऐसे में जरूरी हैं कि समय रहते बिगड़ते ब्लड सर्कुलेशन की पहचान की जाए। आज इस कड़ी में हम आपको ऐसे ही संकेतों के बारे में बताने जा रहे हैं जो ब्लड सर्कुलेशन खराब होने का इशारा करते हैं। आइये जानते हैं इनके बारे में...

कब्ज की शिकायत रहना

अगर आपको लगातार कब्ज की समस्या रहती है तो आपका ब्लड सर्कुलेशन बिगड़ गया है। ब्लड सर्कुलेशन खराब होने पर पाचन संबंधी समस्याएं जैसे दस्त, बार-बार पेट में दर्द, कब्ज बार-बार हो सकती हैं। ऐसा महसूस होने पर अपने डॉक्टर से सलाह लें और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने के कुछ तरीके आजमाएं।

हाथ-पैरो का ठंडा पड़ जाना

खराब ब्लड सर्कुलेशन के कारण आपको हाथ और पैर में ठंडापन महसूस होने लगता है। ऐसा तब होता है, जब दिल से दूर रहने वाले अंगों को पर्याप्त रक्त नहीं मिल पाता है। इसी के कारण आपके हाथ-पैर ठंडे हो जाते हैं।

सुस्ती रहना

क्या आप खुद को हमेशा थका हुआ महसूस करते हैं। हमेशा खुद को थका हुआ महसूस करना खराब ब्लड सर्कुलेशन का संकेत हो सकता है। दरअसल, इसकी वजह से शरीर के अंगों और मांसपेशियों को ऑक्सीजन और पोषक तत्व नहीं मिल पाते, जिसस आप थकान महसूस करने लगते हैं।

याददाश्त में कमी

खराब ब्लड सर्कुलेशन के कारण किसी भी व्यक्ति की याददाश्त कमजोर हो सकती है और उसे चीजों को याद रखने में बहुत ज्यादा दिक्कत आती है। इसलिए जब भी आपको लगे कि आप छोटी-छोटी चीजें भूल रहे हैं, तो समझ लीजिए आपका ब्लड सर्कुलेशन सही नहीं है।

वैरिकाज वेंस

खराब ब्लड सर्कुलेशन के कारण नसों पर दबाव पड़ सकता है, जो कि वैरिकोज वेंस का कारण बनता है। वैरिकोज वेंस बड़ी, क्षतिग्रस्त और सूजी हुई नसें होती हैं जो अक्सर हाथ और पैरों पर दिखाई देती हैं।

कमजोर इम्यून सिस्टम

इस समय इम्यूनिटी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन अगर आपका ब्लड सर्कुलेशन खराब है तो आपका इम्यून सिस्टम भी कमजोर हो सकता है। खराब ब्लड सर्कुलेशन का असर इम्यून सिस्टम पर भी पड़ सकता है, क्योंकि सर्कुलेटरी सिस्टम में खराबी होती है तो इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है।

भूख न लगना

अगर आपको भूख कम लग रही है तो यह ब्लड सर्कुलेशन के बिगड़ने का संकेत हो सकता है। खराब ब्लड सर्कुलेशन से भूख कम लगती है और इससे मेटाबालिक रेट धीमा होता जा सकता है। इससे पाचन क्रिया में भी गड़बड़ी हो सकती है।

चेहरे की रंगत खोना

ब्लड सर्कुलेशन की समस्या के संकेत आप आसानी से अपने चेहरे पर महसूस कर सकते हैं। सामान्यतौर पर ऐसी स्थिति में चेहरे की रंगत खराब होने लगती है। चेहरे पर काले दाग दिखना, बार-बार मुंहासे होना, समय से पहले झुर्रियां दिखाई देना इसका सामान्य संकेत माना जाता है। ऐसे लक्षण कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भी हो सकते हैं, ऐसे में समय रहते चिकित्सक से संपर्क करके स्थिति का सही निदान और उपचार करा लेना काफी आवश्यक हो जाता है।