भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और कोरियोग्राफ़र धनश्री वर्मा का तलाक़ साल 2025 के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी ब्रेकअप्स में गिना गया। कोर्ट में सुनवाई के दौरान चहल की टी-शर्ट पर लिखा मैसेज — Be Your Own Sugar Daddy— अचानक सुर्खियों में आ गया। फैंस ने इस स्लोगन को सीधा उनकी निजी ज़िंदगी और खासतौर पर धनश्री से जोड़ दिया। खुद चहल ने बाद में स्वीकार किया कि ये उनकी ज़िंदगी के उस चैप्टर को बंद करने से पहले का एक प्रतीकात्मक संदेश था।
दूसरी ओर, चहल की एक्स-वाइफ धनश्री को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। नेटिज़न्स ने उन्हें अलगाव के लिए ज़िम्मेदार ठहराया, यहां तक कि कई यूज़र्स ने उन्हें गोल्ड डिगर तक कह दिया। लेकिन आलोचनाओं के बीच टूटने के बजाय, धनश्री और मज़बूत होकर सामने आईं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने भविष्य और रिश्तों पर खुलकर बात की।
क्या फिर से रिश्तों को मौका देंगी धनश्री?ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे के साथ बातचीत में जब धनश्री से पूछा गया कि तलाक के बाद क्या वो दोबारा प्यार को अपनाने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने साफ शब्दों में जवाब दिया—ज़िंदगी में हर इंसान को प्यार चाहिए, और कौन ऐसा है जो इसे नहीं चाहता? प्यार इंसान को उम्मीद देता है, भरोसा दिलाता है और कई बार हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है।
उन्होंने आगे कहा— सबसे ज़रूरी है कि पहले खुद से प्यार करें। जब तक आप अपने आपसे संतुष्ट नहीं हैं, तब तक दूसरों से मिलने वाला प्यार अधूरा लगता है। लेकिन अगर मेरे आने वाले कल में मेरे लिए कुछ अच्छा लिखा है, तो मैं क्यों पीछे हटूँगी?
धनश्री ने प्यार को एक बेहद खूबसूरत अहसास बताते हुए कहा कि यह किसी फिल्मी पल जैसा होता है — घंटियों की आवाज़, फूलों का गिरना और वो जादुई एहसास... भला कौन ऐसा अनुभव नहीं करना चाहेगा? मुझे लगता है कि हर किसी को अपने हिस्से का ऐसा प्यार ज़रूर मिलना चाहिए।
रिश्ते से लेकर अलगाव तक का सफ़रधनश्री वर्मा और युजवेंद्र चहल की प्रेम कहानी साल 2020 में शुरू हुई थी। उस समय चहल ने उनकी ऑनलाइन डांस क्लासेस जॉइन की थीं। दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई और कुछ महीनों के भीतर ही अगस्त 2020 में सगाई और दिसंबर 2020 में शादी हो गई।
शुरुआत में दोनों की जोड़ी को फैंस ने खूब सराहा, लेकिन चार साल बाद यह रिश्ता टूट गया। मार्च 2025 में दोनों ने आधिकारिक रूप से तलाक ले लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलाक समझौते के दौरान चहल ने धनश्री को 4.75 करोड़ रुपये की एलिमनी दी थी।