रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' के दूसरे सीजन को अपना विजेता मिल गया है। छह हफ्तों तक चले मुकाबले, रणनीतियों, दोस्ती और टकराव के बाद शहजाद पूनावाला ने सीजन 2 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। ग्रैंड फिनाले में वीरेंद्र सहवाग ने उनके नाम की घोषणा की। जीत के साथ शहजाद को 35 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली, लेकिन उन्होंने इस रकम को अपने पास रखने के बजाय जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए दान करने का फैसला सुनाया।
शहजाद ने फिनाले के मंच से बताया कि वह पूरी 35 लाख रुपये की प्राइज मनी असम और बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद उनकी जीत के साथ-साथ पुरस्कार राशि को लेकर लिया गया फैसला भी चर्चा का विषय बन गया है।
प्रियंका चाहर चौधरी और गौतम गुलाटी रहे दूसरे स्थान पर'राइज एंड फॉल 2' का ग्रैंड फिनाले टॉप 6 फाइनलिस्ट की परफॉर्मेंस के साथ शुरू हुआ। इसके बाद प्रतियोगियों को अलग-अलग चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 'फॉर्च्यून फ्लोर पिरामिड' चैलेंज में निहारिका तिवारी फाइनल की दौड़ से बाहर हो गईं।
उनके बाद करण पटेल और स्वरा भास्कर को भी प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। इस तरह प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला ने टॉप 3 में जगह बनाई। आखिर में वीरेंद्र सहवाग ने विजेता के नाम का ऐलान किया और शहजाद पूनावाला को सीजन 2 का चैंपियन घोषित किया।
फिनाले के नतीजों में प्रियंका चाहर चौधरी फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि गौतम गुलाटी ने दूसरा रनरअप स्थान हासिल किया। इस तरह शहजाद ने दोनों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
जीत के बाद शहजाद ने बताई अपने सफर की कहानीविजेता घोषित होने के बाद शहजाद पूनावाला ने अपनी स्पीच में शो के सफर को याद किया। उन्होंने कहा कि 'राइज एंड फॉल सीजन 2' जीतने का अनुभव ऐसा है, जिसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है। उनके मुताबिक, शो में आगे बढ़ना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं रहा। उन्हें लगातार परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना पड़ा और मुश्किल समय में भी मुकाबले में बने रहना पड़ा।
शहजाद ने बताया कि सफर के दौरान कई बार उनके मन में संदेह भी पैदा हुआ, लेकिन उन्हें भीतर से भरोसा था कि वह यह शो जीत सकते हैं। ट्रॉफी हाथ में आने के बाद उनका यह विश्वास हकीकत में बदल गया। उन्होंने अपनी जीत को मजबूत इरादे और लगातार प्रयास करते रहने का परिणाम बताया।
असम और बिहार के बाढ़ प्रभावितों के लिए देंगे 35 लाख रुपयेअपनी विनिंग स्पीच के दौरान ही शहजाद ने पुरस्कार राशि दान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह पहले ही तय कर चुके थे कि शो से मिलने वाली इनामी रकम जरूरतमंदों के काम आएगी। अब उन्होंने 35 लाख रुपये असम और बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का फैसला किया है।
शहजाद ने अपने फैसले के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्हें अपने हर निर्णय पर गर्व रहा है। शो के उतार-चढ़ाव के बीच वह जिस तरह के इंसान बने रहे, उसे लेकर भी उन्हें संतोष है। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान बने रिश्तों और साथ बिताए हंसी-मजाक के पलों को भी अपने सफर का अहम हिस्सा बताया।
उनके मुताबिक, वह शो से सिर्फ ट्रॉफी लेकर नहीं लौट रहे, बल्कि अपने साथ ऐसी यादें भी ले जा रहे हैं जिन्हें वह लंबे समय तक याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का सुकून है कि उन्होंने जीत के लिए अपनी पूरी कोशिश की। इस तरह 'राइज एंड फॉल 2' का खिताब जीतने के साथ शहजाद पूनावाला ने अपनी पूरी प्राइज मनी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए देने का ऐलान भी किया।