बॉक्स ऑफिस के किंग है यश, 15 सालों से नहीं दी एक भी फ्लॉप, अब 'टॉक्सिक' से क्या कमाल दिखाएंगे?

कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश ने अपने करियर में लगातार सफल फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है। खासकर 'KGF' फ्रेंचाइजी की जबरदस्त सफलता के बाद उनकी लोकप्रियता देशभर में बढ़ी। अब अभिनेता की अगली फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता है। फिल्म की रिलीज से पहले यश के पुराने बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उनके करियर में फ्लॉप फिल्मों की संख्या काफी सीमित रही है।

यश ने 2007 में फिल्म 'Jambada Hudugi' से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद 'मोग्गिना मनसु' ने उन्हें शुरुआती सफलता दिलाई। करियर के शुरुआती दौर में कुछ फिल्मों को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन इसके बाद यश ने लगातार सफल प्रोजेक्ट्स दिए।

करियर की शुरुआत में मिलीं कुछ असफलताएं

यश की शुरुआती फिल्मों में 'रॉकी', 'कल्लारा संथे' और 'राजधानी' को फ्लॉप बताया गया है। 'रॉकी' 2008 में रिलीज हुई रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी, जबकि 'कल्लारा संथे' 2009 और 'राजधानी' 2011 में आई थी।

इन फिल्मों के बाद यश के करियर का ग्राफ लगातार ऊपर गया। उनके खाते में 'किराथका', 'लकी', 'जानू', 'ड्रामा', 'गूगली', 'राजा हुली', 'गजकेसरी', 'मिस्टर एंड मिसेज रामचरी', 'मास्टर पीस' और 'संथु स्ट्रेट फॉरवर्ड' जैसी सफल फिल्में शामिल हुईं।

'लकी' से 'गजकेसरी' तक बढ़ता गया कलेक्शन

2012 में रिलीज हुई 'लकी' को हिट बताया गया है। IMDb के मुताबिक, करीब 3.5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 6.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

इसी साल आई 'ड्रामा' भी सफल रही। लगभग 4 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने 12 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

इसके अगले साल 'राजा हुली' ने 12.4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि 'गूगली' ने 15.1 करोड़ रुपये कमाए। 2014 में आई 'गजकेसरी' करीब 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने 18.9 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

'मिस्टर एंड मिसेज रामचरी' ने बदली तस्वीर


यश की सफलता को एक बड़ी छलांग 'मिस्टर एंड मिसेज रामचरी' से मिली। करीब 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 50 करोड़ रुपये की कमाई की और इसे ब्लॉकबस्टर हिट बताया गया।

इसके बाद 2015 में आई 'मास्टर पीस' ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। लगभग 20 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने 34.1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और इसे हिट बताया गया।

2016 की 'संथु स्ट्रेट फॉरवर्ड' करीब 14 करोड़ रुपये में बनी थी। फिल्म ने 20.9 करोड़ रुपये कमाए और इसका प्रदर्शन औसत से बेहतर रहा।
'KGF' ने यश को बनाया पैन-इंडिया स्टार

यश के करियर में सबसे बड़ा मोड़ 2018 में आया, जब 'KGF चैप्टर 1' रिलीज हुई। करीब 80 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 240 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसे ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बताया गया।

'KGF चैप्टर 1' की टक्कर शाहरुख खान की 'जीरो' से भी हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर 'KGF' ने 'जीरो' से बेहतर प्रदर्शन किया।

इसके बाद 2022 में 'KGF चैप्टर 2' सिनेमाघरों में आई। करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 1210 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म को ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर हिट बताया गया और इसके बाद यश की स्टार पावर और मजबूत हुई।

अब 'टॉक्सिक' से उम्मीदें

यश अब 'टॉक्सिक' में नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज 26 अगस्त को बताई गई है। 'KGF चैप्टर 2' जैसी बड़ी सफलता के बाद उनकी इस फिल्म से भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

यश के पास इसके अलावा 'रामायण' भी है, जिसमें वह रावण की भूमिका में नजर आएंगे। ऐसे में आने वाले समय में उनकी दोनों फिल्मों पर दर्शकों की नजर रहेगी।