जब रतन टाटा ने अमिताभ बच्चन से मांगे थे कुछ पैसे उधार – बोले, 'क्या मुझे कुछ रुपये मिल सकते हैं, मेरे पास नहीं हैं…'

दुनिया के सबसे विनम्र और सादगीभरे दिग्गजों में शुमार रतन टाटा और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बीच की दोस्ती एक गहरी और भावनात्मक कहानी बयां करती है। इन दोनों महान शख्सियतों की बॉन्डिंग में न कोई दिखावा है, न ही कोई औपचारिकता – सिर्फ सच्ची इंसानियत और आपसी सम्मान है।

हालांकि रतन टाटा अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके व्यवहार और व्यक्तित्व की कहानियां आज भी लोगों के दिलों में ज़िंदा हैं। चाहे वे अपार संपत्ति के मालिक हों, लेकिन जमीन से जुड़ी उनकी सोच और नम्र स्वभाव हर किसी को हैरान कर देता है। यही बात अमिताभ बच्चन ने हाल ही में कौन बनेगा करोड़पति के सीजन 16 में उस वक़्त साझा की, जब फराह खान और बोमन ईरानी स्पेशल गेस्ट बनकर शो में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने रतन टाटा से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया जो वाकई दिल को छू जाता है।

क्या मुझे कुछ पैसे मिल सकते हैं?

बिग बी ने बताया कि एक बार वो और रतन टाटा लंदन की फ्लाइट में साथ सफर कर रहे थे। हीथ्रो एयरपोर्ट पर रतन टाटा को अहसास हुआ कि वह अपने साथियों से अलग हो गए हैं और उन्हें किसी को कॉल करना है। वह फौरन एक फोन बूथ की ओर गए लेकिन फिर कुछ देर बाद वो अमिताभ बच्चन के पास लौटे और बेहद सरलता से बोले, अमिताभ, क्या मुझे कुछ पैसे उधार मिल सकते हैं? मेरे पास फोन करने के पैसे नहीं हैं।

इस वाक्य को याद करते हुए बिग बी थोड़ी देर के लिए रुके और भावुक होते हुए बोले, “क्या आदमी थे वो... मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता।” उनके इस अंदाज़ ने यह साबित कर दिया कि रतन टाटा की सादगी और सहजता किसी को भी भीतर तक छू सकती है।
“मेरे पास कार नहीं है…” – क्या आप यकीन कर सकते हैं?

बिग बी ने एक और वाकया साझा किया, जिसमें रतन टाटा की विनम्रता और सामान्य जीवनशैली फिर सामने आई। उन्होंने बताया कि एक कार्यक्रम के बाद रतन टाटा के एक दोस्त ने उनसे पूछा कि क्या वे उन्हें घर छोड़ सकते हैं। इस पर रतन टाटा ने कहा, “क्या तुम मुझे घर छोड़ सकते हो? मैं तुम्हारे घर के पीछे ही रहता हूं।”

अमिताभ बच्चन ने हैरानी जताते हुए कहा, “रतन टाटा का यह कहना कि मेरे पास कार नहीं है – क्या आप इसकी कल्पना कर सकते हैं? यह सचमुच अविश्वसनीय था।”

जब अमिताभ और टाटा का जुड़ा था प्रोफेशनल रिश्ता

यह रिश्ता सिर्फ दोस्ती तक ही सीमित नहीं रहा। टाटा ग्रुप के प्रोडक्शन विंग टाटा इन्फोमीडिया लिमिटेड ने साल 2004 में थ्रिलर फिल्म ‘ऐतबार’ को प्रोड्यूस किया था, जिसमें अमिताभ बच्चन लीड रोल में थे।

हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई और मेकर्स को करीब 3.5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। लेकिन इससे अमिताभ और टाटा के बीच की इज्ज़त और आपसी समझदारी पर कोई असर नहीं पड़ा।