'वेलकम टू द जंगल' ने चौथे दिन भी बनाए रखी रफ्तार, बॉक्स ऑफिस पर शानदार पकड़; दुनियाभर में कमाए 106 करोड़

अक्षय कुमार की हालिया रिलीज मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में लगातार दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है। अभिनेता की पिछली फिल्म 'भूत बंगला' के बाद एक बार फिर उनकी नई पेशकश बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन करती नजर आ रही है। निर्देशक अहमद खान की इस फिल्म ने रिलीज के पहले तीन दिनों में शानदार कमाई दर्ज की थी और अब सभी की निगाहें इसके सोमवार के प्रदर्शन पर थीं। वीकेंड के बाद आमतौर पर फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिलती है और इस फिल्म के साथ भी ऐसा हुआ, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने सोमवार को भी करोड़ों रुपये का कारोबार कर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी।

सोमवार को भी करोड़ों में रही कमाई

बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 8.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि यह आंकड़ा शुरुआती तीन दिनों की तुलना में कम रहा, लेकिन वर्किंग डे होने के बावजूद फिल्म ने संतोषजनक प्रदर्शन किया।

फिल्म ने पहले दिन 15 करोड़ रुपये से अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे दिन कमाई बढ़कर 20 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि तीसरे दिन रविवार का फायदा उठाते हुए फिल्म ने 24.75 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। वहीं पेड प्रीव्यू शो की कमाई को जोड़ने के बाद शुरुआती तीन दिनों में फिल्म का कलेक्शन 60 करोड़ रुपये से अधिक हो गया था। अब चौथे दिन की कमाई शामिल करने के बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल कमाई 72.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
दुनियाभर में 106 करोड़ का कारोबार

जहां भारत में फिल्म लगातार अच्छी कमाई कर रही है, वहीं विदेशी बाजारों में भी इसे दर्शकों का सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 72.25 करोड़ रुपये का कारोबार करने वाली 'वेलकम टू द जंगल' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 106 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का निर्माण लगभग 125 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है। ऐसे में रिलीज के महज चार दिनों के भीतर ही फिल्म अपनी लागत निकालने के बेहद करीब पहुंच गई है। मौजूदा कमाई की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में फिल्म अपने बजट की भरपाई कर सकती है और इसके बाद मुनाफे के दौर में प्रवेश कर जाएगी।

सितारों से सजी है फिल्म की पूरी स्टारकास्ट

निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में उनके साथ कई बड़े कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। इनमें रवीना टंडन, लारा दत्ता, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, सुनील शेट्टी, परेश रावल, श्रेयस तलपड़े, जैकी श्रॉफ, तुषार कपूर, आफताब शिवदासानी, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, दलेर मेहंदी, कृष्णा अभिषेक और फरीदा जलाल शामिल हैं। यही वजह है कि यह मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म दर्शकों के बीच लगातार चर्चा में बनी हुई है और बॉक्स ऑफिस पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही है।