भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली आज रविवार (25 मई) सुबह अपनी पत्नी एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ धार्मिक नगरी अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने पहले रामलला के दर्शन किए। इसके बाद हनुमान गढ़ी मंदिर में मत्था टेक आशीर्वाद लिया। जैसे ही दोनों ने राम मंदिर में प्रभु राम के दरबार में हाजिरी लगाई वैसे ही राम भक्तों ने जय श्री राम का उद्घोष किया और विराट-अनुष्का ने भक्तों का अभिवादन भी स्वीकार किया। वे पिछले कुछ समय से भक्ति और अध्यात्म के रंग में रंगे हुए दिख रहे हैं।
हाल ही में विराट ने अनुष्का संग वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाकर आशीर्वाद लिया था। सात मिनट की मुलाकात के दौरान प्रेमानंद जी ने उन्हें सुखी रहने का मंत्र भी दिया। सोशल मीडिया पर इसकी कई तस्वीरें और वीडियो भी वायरल हुए थे। इससे पहले भी वे 2-3 मौकों पर आश्रम गए थे। अब विराट बिजी शेड्यूल से समय निकालकर हनुमान गढ़ी में दर्शन करने पहुंचे हैं। करीब 1000 साल पुराने हनुमान गढ़ी मंदिर से कपल के दर्शन-पूजन का वीडियो सामने आया है जिसमें पुजारी उन्हें फूल माला पहनाकर टीका लगाते दिख रहे हैं। महंत संजय दास जी महाराज ने कहा कि विराट-अनुष्का का अध्यात्म के प्रति बहुत लगाव है।
भगवान रामलला के दर्शन के बाद उन्होंने हनुमान गढ़ी में भी आशीर्वाद लिया। उनके साथ अध्यात्म की भी कुछ चर्चाएं हुईं। जोड़ा काफी श्रद्धावान हैं। भगवान राम, श्री कृष्ण, हनुमान जी में उनकी बहुत आस्था है। उनके मन में सनातन के प्रति काफी सम्मान है। वे दर्शन के लिए आए थे। अयोध्या में भव्य रूप से श्री राम मंदिर बनने के बाद से देश-विदेश से लोग यहां पर श्री राम लला के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान फैंस विराट और अनुष्का की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे।
भक्ति में डूबे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने मीडिया से नहीं की कोई बातइस पूरी यात्रा के दौरान विराट और अनुष्का ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और पूरी तरह से दर्शन-पूजन में लीन रहे। दर्शन के बाद दोनों लखनऊ के लिए रवाना हो गए। विराट ने 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में लिखा था कि टेस्ट क्रिकेट ने मुझे पहचान दी, मेरी परीक्षा ली और जीवन के बड़े सबक सिखाए। यह फैसला लेना आसान नहीं था लेकिन यही सही समय था। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के अगले दिन 13 मई को विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे थे।
वहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया था। महाराज ने उनसे पूछा – प्रसन्न हो? इस पर विराट ने मुस्कुराकर कहा – हां। बता दें विराट ने 23 मई को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में IPL-18 का मैच खेला था। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम RCB को 42 रन से हार का सामना करना पड़ा। अब RCB का अगला मुकाबला 27 मई को फिर लखनऊ में होना है। टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। अब देखना है कि वह कौनसी पोजिशन पर रहती है। बता दें विराट और अनुष्का की शादी साल 2017 में हुई थी। उनके एक बेटी वामिका व बेटा अकाय है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार वे लंदन में बस सकते हैं।