किंगडम की रिलीज़ से पहले विजय देवरकोंडा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, फैंस की बढ़ी बेचैनी

साउथ सिनेमा के चहेते स्टार विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म किंगडम को लेकर सुर्खियों में हैं। लेकिन फिल्म की रिलीज से ठीक पहले उनके फैंस के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। विजय की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रिपोर्ट्स के अनुसार, डेंगू की चपेट में आने के बाद उन्हें आराम की सख्त ज़रूरत है और इसी कारण उन्हें अपनी फिल्म की प्रमोशनल एक्टिविटीज से ब्रेक लेना पड़ा है।

विजय देवरकोंडा को हुआ डेंगू, इलाज जारी

एंटरटेनमेंट एएफ की रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जुन रेड्डी फेम अभिनेता को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। डॉक्टरों की सलाह पर विजय को पूरी तरह आराम करने के लिए कहा गया है, जिससे वो जल्द ठीक होकर फिर से अपने प्रशंसकों के बीच लौट सकें। फिल्म किंगडम की प्रमोशनल तैयारियों के बीच यह खबर फैंस को निराश कर गई है।
31 जुलाई को होगी किंगडम रिलीज

किंगडम, जो एक एक्शन से भरपूर स्पाई थ्रिलर फिल्म है, 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन गौतम तिन्नानुरी ने किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है और नेटफ्लिक्स ने इसके डिजिटल राइट्स 50 करोड़ रुपये में खरीद लिए हैं। विजय की बीमारी की खबर ने उनके चाहने वालों को थोड़ा निराश किया है, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो उनका परिवार इस मुश्किल वक्त में उनके साथ है और 20 जुलाई तक उनके अस्पताल से डिस्चार्ज होने की उम्मीद है।