विद्या बालन ने शेयर किया अपना AI वीडियो, फैंस को दी चेतावनी – 'मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं'

बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन हाल ही में AI जनरेटेड वीडियोज को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने बताया कि उनके कुछ फर्जी AI वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनसे उनका कोई संबंध नहीं है। विद्या ने अपने फैंस को ऐसे वीडियोज से सतर्क रहने की सलाह दी है। विद्या ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिस पर ‘स्कैम अलर्ट’ लिखा हुआ था। इसके साथ उन्होंने एक नोट भी पोस्ट किया, जिसमें कहा, व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया पर कई AI जनरेटेड वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। मैं स्पष्ट करना चाहती हूं कि ये सभी फर्जी हैं और इनका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है।

विद्या बालन ने फैंस से क्या अपील की?


विद्या ने आगे लिखा, इन वीडियोज के निर्माण और प्रसार में मेरा कोई योगदान नहीं है। मैं ऐसे किसी भी कंटेंट को सपोर्ट नहीं करती। कृपया ध्यान रखें कि इन वीडियोज में किए गए दावे मेरी सोच या काम को प्रतिबिंबित नहीं करते। मैं सभी से अपील करती हूं कि किसी भी चीज़ को आगे शेयर करने से पहले उसे वेरीफाई करें और AI जनरेटेड फेक कंटेंट से बचें।

AI तकनीक के दुरुपयोग की चिंता केवल विद्या तक सीमित नहीं है। कई अन्य सेलेब्रिटी भी AI के कारण गलत सूचना और फर्जी कंटेंट का शिकार हो चुके हैं। विद्या द्वारा शेयर किया गया वीडियो इतना वास्तविक दिखता है कि इसे असली और नकली में फर्क कर पाना मुश्किल है।
विद्या बालन की प्रोफेशनल लाइफ

अगर उनके वर्क फ्रंट की बात करें तो विद्या बालन आखिरी बार 2024 में रिलीज़ हुई भूल भुलैया 3 में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ कार्तिक आर्यन, तृप्ति डिमरी और माधुरी दीक्षित भी अहम भूमिकाओं में थीं। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 389 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। अब फैंस उनकी अगली फिल्म के ऐलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल उन्होंने किसी नए प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की है।