2 News : वरुण की ‘बेबी जॉन’ का ट्रेलर रिलीज, इन्होंने ‘भूल भूलैया 3’ और ‘सिंघम अगेन’ का क्लैश बताया दुर्भाग्यपूर्ण

एक्टर वरुण धवन की फिल्म 'बेबी जॉन' को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है। वे बेसब्री से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच आज सोमवार (9 दिसंबर) को इसका ट्रेलर रिलीज हो गया। फिल्म की कहानी एक पिता और बेटी की कहानी है। ट्रेलर की शुरुआत में वरुण को अपनी बेटी को यह सिखाते दिखाया गया है कि कुछ मामलों में सिचुएशन को सख्ती से ही हैंडल करना पड़ता है वरना बात नहीं बनती। वरुण पुलिस ऑफिसर के किरदार में हैं, जो लड़कियों के फेवरेट हैं। वरुण की नौकरी के दौरान फिर कुछ ऐसा होता है जो उनकी जिंदगी बदल देता है।

वरुण चॉकलेटी चार्मिंग बॉय से वॉयलेंट राऊडी अवतार में पहुंच जाते हैं। ट्रेलर जियो स्टूडियो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। वरुण ने भी इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है। ट्रेलर के कैप्शन में वरुण ने लिखा, “एक्शन, फायर और बेहिसाब अच्छी वाइब्स। बेबी जॉन आपके लिए यह सब कुछ लेकर आ रही है।” जैकी श्रॉफ अपने निर्दयी अवतार से लोगों को डराने में कामयाब रहे हैं। फिल्म में इमोशंस और बेहिसाब एक्शन है।

राइटर-डायरेक्टर एटली ने इससे पहले पिछले साल शाहरुख खान के साथ 'जवान' जैसी ब्लॉकबस्टर मूवी दी थी। फिल्म में फीमेल लीड रोल साउथ की स्टार एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश हैं। राजपाल यादव एक कॉन्स्टेबल के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में सलमान खान का भी कैमियो रोल है। फिल्म सिनेमाघरों में 25 दिसंबर को रिलीज होगी। इसका बजट 85 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
‘भूल भुलैया 3’ के डायरेक्टर अनीस बज्मी ने कहा, अगर हमारी सोलो रिलीज होती तो...

दिवाली के मौके पर 1 नवंबर को दो बड़ी फिल्में डायरेक्टर अनीस बज्मी की हॉरर कॉमेडी ‘भूल भुलैया 3’ और रोहित शेट्टी की ‘सिंघम अगेन’ रिलीज हुई थी। दोनों के बीच शुरुआती दिनों में कड़ी टक्कर देखने को मिली लेकिन बाद में ‘भूल भुलैया 3’ आगे निकल गई। हाल ही में अनीस ने माना कि दोनों फिल्मों के लिए क्लैश बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था। अनीस ने कहा कि दोनों फिल्मों के लिए क्लैश के बिना रिलीज होना बहुत अच्छा होता।

अगर हमारी सोलो रिलीज होती, तो बिजनेस दोगुना हो जाता और यही बात उन पर भी लागू होती है। मुझे यह पता है, मुझे इस पर यकीन है। मैं कुछ नहीं कर सकता था। हमने एक साल पहले ही घोषणा कर दी थी कि हम इस दिन आएंगे। सारा काम पूरी गति से चल रहा था क्योंकि हमने बहुत कम समय में फिल्म बनाई है। हमने मार्च में फिल्म शुरू की और नवंबर में रिलीज की। रिलीज से पहले आखिरी महीने में, मैं बिना सोए 46-48 घंटे काम कर रहा था।

जिस मशीन पर हम काम करते थे, उसने दिखाया कि हम पहले से ही 154 घंटे काम कर रहे हैं, इसलिए इसे ऑपरेट करने वाले पर्सन ने कहा कि अगर इसे नहीं रोकेंगे तो ये फट जाएगी। हम लास्ट डे तक काम कर रहे थे। पोस्टपोन करना भी संभव नहीं था। हमने शुरू से ही इसकी घोषणा कर दी थी और उसी तरह इसे प्रमोट किया गया। इसके अलावा हर कोई दिवाली पर आना चाहता था। हर फिल्म का अपना भाग्य होता है, उसे वही मिलता है जो उसे मिलना चाहिए।