‘थोड़ी तो मर्यादा रखिए’, उर्वशी रौतेला के KFC ऐड पर भड़के लोग!; Video

बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला सोशल मीडिया पर हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। कभी अपने ग्लैमर के चलते, तो कभी अपने विवादित बयानों के कारण। इस बार वो एक मज़ेदार वीडियो को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने खुद को ही निशाना बनाते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी खिल्ली उड़ाई है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में उर्वशी एक मशहूर फास्ट फूड ब्रांड के विज्ञापन में नजर आ रही हैं और खुद पर बने मज़ाक को बड़े ही स्मार्ट ढंग से इस्तेमाल कर रही हैं।

क्या है वीडियो में खास?


इस वायरल वीडियो में उर्वशी मजाकिया लहजे में कहती हैं कि गणित में पाइथागोरस के बाद सबसे बड़ा योगदान उनका ही है। इतना ही नहीं, वो यह भी कहती हैं कि वॉरेन बफे की टीम ने उन्हें अगला फाइनेंस मिनिस्टर बनने का सुझाव दिया है। वीडियो का अंत केएफसी के स्वादिष्ट चिकन की झलक के साथ होता है, जिसमें उर्वशी चिकन खाते हुए नजर आती हैं।

खुद पर मजाक उड़ाना बनी तारीफ की वजह

उर्वशी के इस आत्महास्य वाले वीडियो को देखकर कई लोगों ने उनकी प्रशंसा की है। एक यूजर ने लिखा, आज के समय में खुद पर हंसना बहुत बड़ी बात है, उर्वशी ने जिस सहजता से किया है वो काबिल-ए-तारीफ है। एक अन्य ने लिखा, केएफसी के इस ऐड ने तो पूरी सोशल मीडिया फीड कब्जे में ले ली। कई लोगों ने इसे एक चतुर और प्रभावी मार्केटिंग स्ट्रैटेजी बताया है, जिसमें ब्रांडिंग और एंटरटेनमेंट दोनों शामिल हैं।
लेकिन हर किसी को नहीं भाया यह अंदाज

जहां एक ओर उर्वशी की सोच को खुले दिल से सराहा जा रहा है, वहीं कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को लेकर नाराजगी भी जाहिर की है। खासकर सावन के पवित्र महीने में चिकन का प्रचार करना कई लोगों को नागवार गुजरा। एक यूजर ने तीखा कमेंट करते हुए लिखा, “आप सावन में मांसाहारी चीजों का प्रमोशन कर रही हैं, कुछ तो लिहाज करिए।” वहीं दूसरे ने लिखा, “आपके मंदिर वाले फॉलोअर्स क्या सोचेंगे? आपने एक सीमा पार कर दी है।” किसी ने यहां तक कह दिया कि उन्होंने उर्वशी को ‘अनफॉलो’ कर दिया है, क्योंकि खाने के शौक के लिए जानवरों को मारना स्वीकार्य नहीं।

सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

उर्वशी रौतेला के इस विज्ञापन वीडियो ने सोशल मीडिया को दो हिस्सों में बांट दिया है। एक तरफ लोग उनके मज़ाकिया अंदाज और आत्मविश्वास की तारीफ कर रहे हैं, तो दूसरी ओर कुछ यूजर्स नैतिकता और परंपरा का हवाला देते हुए नाराजगी जता रहे हैं। बहरहाल, ये साफ है कि उर्वशी का यह प्रयोग चर्चा का विषय जरूर बन गया है।