उदित नारायण बॉलीवुड के दिग्गज गायक हैं। उन्होंने अनगिनत सुपरहिट लोकप्रिय गानों को अपनी खनकती मधुर आवाज से सजाया है। 90 के दशक में तो उनकी तूती बोलती थी। हालांकि पिछले दिनों वे अपनी गायिकी के बजाय गलत कारणों से खबरों में आ गए। उदित का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान स्टेज पर महिला फैन को चूमते हुए नजर आए। यह वीडियो सामने आने के बाद लोग उनसे नाराज हो गए। उदित को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रॉल किया गया।
उदित ने पिछले दिनों इस विवाद पर रिएक्शन दे सफाई दी थी और अब एक बार फिर इस मामले पर बोले हैं। उदित हाल ही मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य की आने वाली फिल्म ‘पिंटू की पप्पी’ के म्यूजिक लॉन्च इवेंट में शामिल हुए थे। जब उदित से फिल्म को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मजाक में कहा, “टाइटल तो बदलना चाहिए आपको, पप्पी तो ठीक है, बहुत खूबसूरत टाइटल है, ‘पिंटू की पप्पी’ और ‘उदित की पप्पी’ तो नहीं? ये भी एक अजीब इत्तेफाक है कि अभी ही ये रिलीज होना था।”
उदित के मजाक भरे अंदाज पर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। उदित ने इसी के साथ साफ किया कि जो वीडियो वायरल हुआ था वो हाल का नहीं बल्कि दो साल पुराना ऑस्ट्रेलिया का है। उल्लेखनीय है कि फरवरी में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उदित एक स्टेज पर ‘मोहरा’ फिल्म का लोकप्रिय गाना ‘टिप टिप बरसा पानी’ गा रहे थे। इस दौरान एक फैन स्टेज के करीब आकर उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने की कोशिश कर रही थीं। वीडियो में देखा गया था कि उदित ने 3 महिला फैंस को चूमा, जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
‘मेरे परिवार की इमेज ऐसी है कि लोग चाहते हैं कंट्रोवर्सी हो’उदित ने इससे पहले हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में कहा था कि फैंस इतने दीवाने होते हैं ना। हम लोग ऐसे नहीं हैं। हम डीसेंट लोग हैं। कुछ लोग इसे बढ़ावा देते हैं और ऐसे ही अपना प्यार जताते हैं। उस चीज को उड़ाके क्या करना है। ये सब दीवानगी होती है। उस पर इतना ध्यान नहीं देना चाहिए। मेरे परिवार की इमेज ऐसी है कि लोग चाहते हैं कंट्रोवर्सी हो। वीडियो सामने आने के बाद उदित के जमाने के मशहूर सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने भी ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ का गाना शेयर कर चुटकी ली थी।
बहरहाल ‘पिंटू की पप्पी’ फिल्म की बात करें तो यह 21 मार्च को रिलीज होने वाली है। इसमें विजय राज, मुरली शर्मा, सुनील पाल, अली असगर, पूजा बनर्जी, अदिति सनवाल और खुद गणेश आचार्य भी हैं। इस फिल्म को मिथ्री मूवी मेकर्स और विधि आचार्य के V2S प्रोडक्शन ने निर्मित किया है।