khatron ke khiladi 11: डर के मारे श्वेता तिवारी का हुआ बुरा हाल, रोहित शेट्टी से कहा- 'सर नहीं कर सकती मैं'

'खतरों के खिलाड़ी 11' जल्द ही टीवी पर प्रसारित होने वाला है। शो की काफी शूटिंग खत्म हो चुकी है। शो से जुड़े प्रोमोज भी सामने आ रहे है और फैंस की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं। राहुल वैद्य, निक्की तंबोली, दिव्यांका त्रिपाठी और अर्जुन बिजलानी के बाद अब श्वेता तिवारी का नया प्रोमो आया है। जिसमें डर के मारे श्वेता का बुरा हाल होता नजर आ रहा है। प्रोमो में श्वेता तिवारी के सामने डरावनी चुनौतियां हैं, जिसके सामने एक्ट्रेस हार मानती नजर आ रही हैं। श्वेता को इंट्रोड्यूस करवाते हुए रोहित शेट्टी कहते हैं, 'ये हैं कभी डर की मारी, कभी हिम्मत हारी, आपकी अपनी श्वेता तिवारी, ये है डर और डर का बैटलग्राउंड, वेलकम टू केपटाउन।' प्रोमो में श्वेता भी हार मानती दिखाई दे रही हैं। वे रोते हुए कई बार कहती हैं 'सर नहीं कर सकती मैं'।

वीडियो कलर्स टीवी के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है। इसके साथ कैप्शन है- 'रियल लाइफ में जो है डेयरिंग, उसके रियल लाइफ में अब लगेगा डर का तड़का। देखिए श्वेता तिवारी का एक अलग अंदाज, खतरों के खिलाड़ी सीजन 11 में। आ रहा है जल्द।'

प्रोमो में श्वेता के स्टंट को नहीं दिखाया गया है लेक‍िन उनके चेहरे का खौफ बताता है कि स्टंट मामूली नहीं है। श्वेता इस चुनौती से वाकई हार मान गईं है या वे इसे हराती हैं, ये शो के आने पर जल्द पता चलेगा।

इससे पहले निक्की तंबोली ने कीड़े-मकौड़ों के बीच, अर्जुन बिजलानी ने बिजली के तार के साथ तो वहीं शेरों के बीच राहुल वैद्य का प्रोमो सामने आया था। दिव्यांका त्रिपाठी भी मगरमच्छ के साथ चैलेंज पूरा करती दिखीं।

बेटी पलक के कहने पर आई शो में

केपटाउन जाने से पहले एक इंटरव्यू में श्वेता ने कहा था कि उनकी बेटी पलक ने शो में हिस्सा लेने के लिए उन्हें प्रेरित किया था। श्वेता ने बताया कि 'मैं कुछ हेल्थ समस्याओं से जूझ रही थी। पलक ने मुझसे कहा कि अगर मैंने अभी इसे नहीं किया तो मेरे लिए भविष्य में इस शो में हिस्सा लेना बहुत लेट हो जाएगा।'

कौन बने शो के टॉप-3 फाइनल‍िस्ट?

कुछ समय पहले रिपोर्ट्स आई थीं कि शो को अपना टॉप-3 फाइनल‍िस्ट मिल गया है। इसमें विशाल आद‍ित्य सिंह, राहुल वैद्य और वरुण सूद का नाम शामिल है। इसके कुछ समय बाद ही खबर भी आई कि अर्जुन बिजलानी, दिव्यांका त्रिपाठी, वरुण सूद और श्वेता त्रिपाठी टॉप फाइनल‍िस्ट हैं। हालांकि ये खबरें कितनी सच है ये जानने के लिए शो का इंतजार करना होगा।