एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी (31) हमेशा अपने काम और निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। खास तौर से साल 2023 के अंत में रिलीज हुई मूवी ‘एनिमल’ के बाद वह फैंस के दिलो दिमाग पर छा गईं। फिल्म में उनका रोल भले ही कम था, लेकिन वह सबका ध्यान खींचने में सफल रहीं। यहां तक कि उन्हें सोशल मीडिया पर नेशनल क्रश का टाइटल मिल गया। हालांकि रणबीर कपूर के साथ इंटीमेट सीन फिल्माने की वजह से तृप्ति को काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी। उस दौरान तृप्ति ने खुद को सोशल मीडिया लाइफ से दूर कर लिया था। उनकी बहन भी उन्हें लेकर काफी परेशान हो गई थीं।
तृप्ति ने हाल ही यूट्यूब चैनल 'टू फिल्मी' के साथ इस बारे में बात की। तृप्ति ने कहा कि इतनी आलोचना के बाद मैंने कुछ भी पढ़ना बंद कर दिया था। मेरी बहन देर रात तक हर कमेंट पढ़ा करती थी और उसके बाद वो काफी तनाव में आ जाती थी। फिर उसे लगा कि इसका असर मुझ पर पड़ेगा। इसलिए उसने कहा कि अगर आप अच्छा भी करेंगे, तो भी लोग बातें करेंगे। बल्कि, वही करो जिसमें आपको वाकई यकीन हो। यह तुम्हारी जिंदगी है और इसे सिर्फ एक बार जीने का मौका मिलता है। आप गलतियां करेंगे, लेकिन उनसे सीखेंगे। मेरी बहन पहले दिन से ही मेरे साथ रही हैं।
यहां तक कि जब मैं ऑडिशन में फेल हो रही थी तब भी वो मेरे साथ थी। मैं रोते हुए उसे फोन करती थी और वो कहती थी-तुम्हें ये अभी करते रहना है। शोर-शराबे पर ध्यान मत दो, रिश्तेदारों या आस-पास के लोगों की बात मत सुनो, बस ये करते रहो और देखो कि ये तुम्हारे लिए सफल साबित होता है या नहीं। अगर तुम खुश नहीं हो, बस तभी तुम पीछे हटो। बहन की इस सलाह से वाकई में मुझे काफी मदद मिली।
तृप्ति की अगली फिल्म ‘धड़क 2’ इस दिन होने जा रही है रिलीजतृप्ति के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह अब अपनी अगली फिल्म 'धड़क 2' की रिलीज का इंतजार कर रही हैं, जिसमें वह पहली बार सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। यह रोमांटिक ड्रामा 1 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। शाजिया इकबाल के निर्देशित में बन रही फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस, जी स्टूडियोज और क्लाउड 9 पिक्चर्स के बैनर तले बन रही है। यह साल 2018 की रिलीज 'धड़क' का स्प्रिचुअल सीक्वल और तमिल फिल्म 'परियेरुम पेरुमल' का रीमेक है।
‘धड़क’ में जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर की जोड़ी थी। तृप्ति ने साल 2018 में फिल्म 'लैला मजनूं' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, लेकिन उन्हें तारीफ फिल्म 'बुलबुल' में उनकी परफॉर्मेंस से मिली, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड मिला। तृप्ति ‘एनिमल’ के बाद 'बैड न्यूज', ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ और 'भूल भुलैया 3' फिल्मों में दिखी थीं। उन्हें साल 2021 में फोर्ब्स इंडिया के 30 अंडर 30 में जगह मिली।