इन फिल्मों ने वैलेंटाइन डे पर मचाया था धमाल, अब छावा की बारी, क्या बनेगी बड़ी ओपनर?

वेलेंटाइन डे वीक फिल्म इंडस्ट्री के लिए काफी खास रहा है। प्यार के इस मौसम में कई फिल्ममेकर्स ने अपनी शानदार फिल्में रिलीज की हैं, जिन्हें दर्शकों से काफी प्यार मिला है। कुछ फिल्में तो ऐसी हैं, जिन्होंने प्रदर्शन के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की हैं।

आज हम अपने पाठकों को उन फिल्मों की जानकारी देने जा रहे हैं जो वैलेंटाइन डे रिलीज की सबसे बड़ी ओपनर साबित हुई हैं। आइए डालते हैं एक नजर—
'लव आज कल' (2020)

2020 में इम्तियाज अली निर्देशित रोमांटिक ड्रामा 'लव आज कल' 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन, सारा अली खान अहम भूमिका में थे। इस रोमांटिक फिल्म ने ओपनिंग डे यानी वेलेंटाइन डे पर 12.40 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला था। हालांकि बाद में यह फिल्म दर्शकों का दिल जीतने में नाकाम रही और दुनियाभर में 52.63 करोड़ रुपये ही कमा पाई। 'गली बॉय'

रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म 'गली बॉय' अब तक की वेलेंटाइन डे रिलीज की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म है। 'गली बॉय' 14 फरवरी, 2019 को रिलीज हुई और पहले ही दिन इसने 19.40 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की। यह आलिया भट्ट के लिए सबसे बड़ा ओपनिंग डे और रणवीर सिंह के लिए दूसरा सबसे बड़ा ओपनिंग डे था। जोया अख्तर निर्देशित फिल्म ने जहां घरेलु बॉक्स ऑफिस पर 140.25 करोड़ रुपये की लाइफटाइम कमाई की, वहीं दुनियाभर में इसने 238.16 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था।
'पैडमैन'

2018 की बॉलीवुड फिल्म 'पैडमैन' वैलेंटाइन डे से पाँच दिन पहले रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अक्षय कुमार, राधिका आप्टे और सोनम कपूर मुख्य भूमिका में नजर आए। आर. बाल्की द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 10.26 करोड़ की कमाई की। वहीं, 14 फरवरी को इसने 7.05 करोड़ रुपये कमाए थे। हालांकि यह फिल्म 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में असफल रही। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'पैडमैन' ने भारत में 81.82 करोड़ रुपये के साथ लाइफटाइम कलेक्शन किया। 'जॉली एलएलबी 2'

अक्षय कुमार की कोर्ट ड्रामा जॉली 'एलएलबी 2' 2017 में 10 फरवरी को रिलीज हुई और पहले ही दिन इसने 13.20 करोड़ रुपये कमाए। जबकि 14 फरवरी को इसने 9.07 करोड़ रुपये की कमाई की। दर्शकों ने इस फिल्म को पसन्द किया, जिसके परिणाम स्वरूप इसने भारत में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने में सफलता प्राप्त की। घरेलु बॉक्स ऑफिस पर 117 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म में अक्षय कुमार के साथ अन्नू कपूर और हुमा कुरैशी नजर आए थे। 'गुंडे'

2014 में रिलीज हुई प्रियंका चोपड़ा, रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर की फिल्म 'गुंडे' वैलेंटाइन डे रिलीज की सबसे बड़ी ओपनर फिल्मों में से एक हैं। 14 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छी शुरुआत की और पहले ही दिन 16.12 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। इसने 2014 में कई ओपनिंग रिकॉर्ड तोड़ थे। अली अब्बास जफर निर्देशित फिल्म गुंडे ने दुनियाभर में 130.91 करोड़ रुपये की लाइफटाइम कमाई की थी।