प्रभास की बहुप्रतीक्षित हॉरर-कॉमेडी ‘द राजा साब’ का इंतजार फैंस को और लंबा करना होगा। पहले यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है।
प्रोड्यूसर टीजी विश्व प्रसाद ने ‘मिराई’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में खुलासा किया कि फिल्म अब संक्रांति 2026 पर रिलीज की योजना में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम ने इसे 9 जनवरी 2026 को थिएट्रिकल रिलीज देने का मन बनाया है। हालांकि, मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
इस बदलाव के चलते अब प्रभास की फिल्म का सीधा मुकाबला साउथ की कई बड़ी फिल्मों से होगा। इनमें चिरंजीवी की ‘मन शंकर वर प्रसाद गारु’, ‘अनागनगा ओका रोजु’, और विजय की ‘जन नायकन’ जैसी फिल्में शामिल हैं। यह संक्रांति बॉक्स ऑफिस पर बेहद रोमांचक टकराव लेकर आएगी।
प्रोड्यूसर ने यह भी बताया कि हिंदी डिस्ट्रीब्यूटर्स 5 दिसंबर को रिलीज की मांग कर रहे थे, जबकि तेलुगु डिस्ट्रीब्यूटर्स संक्रांति रिलीज पर जोर दे रहे थे। अंततः टीम ने त्योहारी सीजन का फायदा उठाने का मन बनाया। फिलहाल फिल्म के कुछ गाने और पैचवर्क की शूटिंग बाकी है।
मारुति निर्देशित और पीपल मीडिया फैक्ट्री के बैनर तले बनी इस फिल्म में प्रभास डबल रोल निभा रहे हैं। उनके साथ मालविका मोहनन मुख्य किरदार में होंगी, जबकि निधि अग्रवाल और रिद्धि कुमार सपोर्टिंग रोल में दिखेंगी। फिल्म में संजय दत्त एक बुजुर्ग राजा की भूमिका निभाएंगे और म्यूजिक एस थमन का होगा।