'ड्रैगन' की शूटिंग के दौरान घायल हुए Jr NTR, कंधे में लगी चोट; डॉक्टरों ने 6 से 8 हफ्ते आराम की दी सलाह

पैन इंडिया स्टार जूनियर एनटीआर के फैंस के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। अभिनेता के कंधे में चोट लग गई है, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें छह से आठ सप्ताह तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि यह चोट दिन के दौरान एक गतिविधि के समय लगी। खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने चिंता जताई, जिसके बाद अभिनेता की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर उनकी सेहत को लेकर स्थिति स्पष्ट की और कहा कि फिलहाल घबराने जैसी कोई बात नहीं है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, चोट लगने के तुरंत बाद जूनियर एनटीआर की विस्तृत मेडिकल जांच कराई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय तक काम से दूर रहने की सलाह दी।

मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने दिया पूरा आराम करने का सुझाव

जूनियर एनटीआर की टीम की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि आज शाम मिस्टर एनटीआर के कंधे में दुर्भाग्यवश चोट लग गई। पूरी मेडिकल जांच के बाद डॉ. जे. मधुसूदन राव और डॉ. आर.ए. पूर्णचंद्र तेजस्वी के नेतृत्व वाली डॉक्टरों की टीम ने उन्हें छह से आठ हफ्तों तक पूर्ण आराम करने की सलाह दी है, ताकि वह पूरी तरह स्वस्थ होकर वापस लौट सकें।

बयान में आगे कहा गया कि प्रशंसकों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। अभिनेता की सेहत में होने वाली प्रगति की जानकारी समय-समय पर आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी। साथ ही टीम ने सभी शुभचिंतकों का लगातार मिल रहे समर्थन और प्यार के लिए आभार भी व्यक्त किया।

सोशल मीडिया पर फैंस ने की जल्द स्वस्थ होने की दुआ

जैसे ही जूनियर एनटीआर की चोट की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना शुरू कर दी। हजारों फैंस ने पोस्ट और कमेंट के जरिए अभिनेता के लिए शुभकामनाएं भेजीं।

एक प्रशंसक ने लिखा, जल्दी ठीक हो जाइए अन्ना... आपकी सेहत सबसे ज्यादा जरूरी है। अपना पूरा ध्यान रखिए। वहीं दूसरे फैन ने लिखा, गेट वेल सून तारक... कृपया आराम कीजिए और अपना ख्याल रखिए। एक अन्य यूजर ने भी लिखा, आप जल्द स्वस्थ होकर पहले से ज्यादा दमदार वापसी करें, यही दुआ है। सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे संदेशों की बाढ़ देखने को मिल रही है।
'ड्रैगन' को लेकर बना हुआ है जबरदस्त उत्साह

जूनियर एनटीआर इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ड्रैगन' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं और लंबे समय से इसकी शूटिंग चल रही है। इसी साल मई में अभिनेता के जन्मदिन के अवसर पर मेकर्स ने फिल्म की पहली झलक और आधिकारिक टाइटल जारी किया था, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।

'केजीएफ' और 'सालार' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के निर्देशक प्रशांत नील के साथ जूनियर एनटीआर की यह पहली फिल्म है। टीज़र में अभिनेता का दमदार एक्शन अवतार देखने को मिला था, जिसने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी। यह फिल्म 11 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ भी करेंगे वापसी

'ड्रैगन' के अलावा जूनियर एनटीआर जल्द ही निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ भी नई फिल्म में नजर आएंगे। दोनों करीब आठ साल बाद किसी प्रोजेक्ट पर साथ काम करने जा रहे हैं। इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा पिछले महीने की गई थी।

हालांकि मेकर्स ने फिल्म की कहानी या कलाकारों को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन जारी किए गए पोस्टर से संकेत मिले हैं कि यह फिल्म भगवान मुरुगन (कार्तिकेय) से प्रेरित पौराणिक पृष्ठभूमि पर आधारित हो सकती है। इस घोषणा के बाद से ही फैंस इस प्रोजेक्ट को लेकर भी काफी उत्साहित हैं।