वीकेंड के बाद सोमवार का दिन हर फिल्म के लिए सबसे अहम माना जाता है। शनिवार और रविवार को छुट्टी का फायदा मिलने के बाद असली परीक्षा सोमवार से शुरू होती है, क्योंकि इसी दिन पता चलता है कि फिल्म दर्शकों को लंबे समय तक सिनेमाघरों तक खींच पाने में कितनी सफल रही है। इस सोमवार भी बॉक्स ऑफिस पर लगभग सभी फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद थलपति विजय की 'जना नायकन' ने सबसे मजबूत प्रदर्शन करते हुए बाकी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। आइए जानते हैं 'जना नायकन', 'द ओडिसी' और 'धमाल 4' की सोमवार की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट।
'जना नायकन' ने सोमवार को भी बनाए रखी मजबूत पकड़थलपति विजय की फिल्म 'जना नायकन' लगातार बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पांचवें दिन भी फिल्म ने अपनी रफ्तार बरकरार रखी और वीकडे होने के बावजूद अच्छा कारोबार किया।
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन यानी सोमवार को 10,429 शोज़ से लगभग 10.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 134.90 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 157.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है। पांचवें दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में करीब 4.00 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जिससे विदेशों में इसकी कुल कमाई 75.50 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, दुनियाभर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब 233.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
दूसरे सोमवार 'द ओडिसी' की रफ्तार हुई थोड़ी धीमीनिर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' दूसरे सप्ताह में भी भारतीय सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हालांकि, दूसरे सोमवार को इसकी कमाई में स्वाभाविक गिरावट देखने को मिली।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे सोमवार को 4,575 शोज़ से करीब 3.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 123.50 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 147.47 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म की कमाई में गिरावट जरूर आई है, लेकिन दूसरे सप्ताह में भी इसकी पकड़ बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है, जो दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है।
तीसरे सोमवार 'धमाल 4' की कमाई में आई गिरावटअजय देवगन स्टारर 'धमाल 4' भी लगातार सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। कई नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने में सफल रही है, हालांकि तीसरे सोमवार को इसकी कमाई में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 18वें दिन यानी तीसरे सोमवार को 5,076 शोज़ से करीब 1.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 151.15 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 179.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म ने 18वें दिन लगभग 0.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके बाद ओवरसीज मार्केट में इसकी कुल कमाई 29.20 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, दुनिया भर में 'धमाल 4' का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब 209.01 करोड़ रुपये पर पहुंच चुका है।
सोमवार के कारोबार ने एक बार फिर साफ कर दिया कि वीकडे में भी दर्शकों का सबसे ज्यादा भरोसा फिलहाल 'जना नायकन' पर बना हुआ है। वहीं 'द ओडिसी' और 'धमाल 4' भी अपनी-अपनी पकड़ बनाए हुए हैं, हालांकि दोनों फिल्मों की कमाई में सोमवार को सामान्य गिरावट देखने को मिली।