'द केरल स्टोरी 2' ने 14वें दिन भी मचाया धमाल, सनी देओल की 'बॉर्डर 2' को छोड़ा पीछे

'द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हालांकि यह अपनी पहली फिल्म 'द केरल स्टोरी' जितनी बड़ी सफलता नहीं पाई, जिसने वर्ल्डवाइड 300 करोड़ रुपये से अधिक कमाए थे, फिर भी सीक्वल दूसरे हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही। आइए जानते हैं कि रिलीज के 14वें दिन इस फिल्म ने कितना कलेक्शन किया।

'द केरल स्टोरी 2' का 14वां दिन


उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया स्टारर फिल्म ने सिनेमाघरों में दो हफ्ते पूरा कर लिया है। इस दौरान फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर संतोषजनक प्रदर्शन किया। पहले हफ्ते में फिल्म ने 22.9 करोड़ की कमाई की, वहीं दूसरे हफ्ते में रोजाना कलेक्शन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला:

8वें दिन: 2.7 करोड़

9वें दिन: 3.75 करोड़

10वें दिन: 3.3 करोड़

11वें दिन: 1.95 करोड़

12वें दिन (दूसरा मंगलवार): 2.15 करोड़

13वें दिन (दूसरा बुधवार): 1.59 करोड़

सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, 14वें दिन फिल्म ने 1.32 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही, फिल्म की 14 दिनों की कुल नेट कमाई 39.96 करोड़ रुपये हो गई है और इसका ग्रॉस कलेक्शन 45.12 करोड़ रुपये रहा।
'बॉर्डर 2' को छोड़ा पीछे

'द केरल स्टोरी 2' ने दो हफ्तों में अपने बजट से अधिक कमाई कर मेकर्स की तिजोरियां भर दी हैं। फिल्म का बजट 28 करोड़ रुपये था और अब तक नेट कमाई 39.96 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इसका मतलब है कि इनवेस्टमेंट पर लगभग 11 करोड़ का मुनाफा हो चुका है, यानी 37% से अधिक रिटर्न।

इसके साथ ही, 'द केरल स्टोरी 2' ने सनी देओल की 'बॉर्डर 2' के 31.72% मुनाफे को पीछे छोड़ दिया है। इस सफलता के साथ यह फिल्म साल 2026 की सबसे ज्यादा प्रॉफिट देने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है।

'द केरल स्टोरी 2' की कहानी

'द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड' तीन युवतियों की कहानी है, जो प्यार और आजादी की तलाश में अपने परिवार और समाज के नियमों को तोड़ने का फैसला करती हैं। उनके ये फैसले धीरे-धीरे उन्हें ऐसे हालात में ले आते हैं जहां छल, नियंत्रण और आजादी का हनन उनके जीवन पर हावी हो जाता है।

फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह हैं और निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह। फिल्म में लीड रोल में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया, ऐश्वर्या ओझा, सुमित गहलावत और अर्जन सिंह औजला हैं।