'द चेज' टीजर से मचा धमाल: क्या एमएस धोनी कर रहे हैं फिल्मी डेब्यू? आर. माधवन संग दिखे जबरदस्त एक्शन अवतार

भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी अब मैदान से बाहर भी अपने फैंस को चौंकाने के लिए तैयार हैं। क्रिकेट में 'कैप्टन कूल' के नाम से मशहूर धोनी इस बार बैट और बॉल के बजाय बंदूक और एक्शन मोड में नजर आए हैं। वजह है निर्देशक वासन बाला का आगामी प्रोजेक्ट 'द चेज', जिसका टीजर सोशल मीडिया पर आते ही धूम मचा रहा है।

7 सितंबर को अभिनेता आर. माधवन ने इस टीजर को साझा किया। टीजर में धोनी और माधवन दोनों टास्क फोर्स ऑफिसर की भूमिका निभाते दिखाई दे रहे हैं। धोनी को एक शांत और समझदार हेड ऑफिसर के रूप में दिखाया गया है, जबकि माधवन रोमांटिक टच के साथ एक्शन हीरो के रूप में नजर आते हैं। दोनों मिलकर एक बड़े मिशन पर निकलते हैं और उनके किरदार धमाकेदार एक्शन सीक्वेंस में डूबे नजर आते हैं।

माधवन ने टीजर पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा – एक मिशन, दो योद्धा, सीट बेल्ट बांध लें, एक जंगली और विस्फोटक चेज शुरू हो रहा है। इसके बाद से सोशल मीडिया पर फैंस में उत्सुकता और रोमांच का माहौल है।
दिलचस्प बात यह है कि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि 'द चेज' एक फिल्म है, वेब सीरीज है या किसी बड़े ब्रांड का एडवर्टाइजमेंट। लेकिन धोनी और माधवन की जोड़ी को लेकर फैंस का जोश चरम पर है। इंस्टाग्राम पर शेयर होते ही वीडियो वायरल हो गया और फैंस ने कमेंट सेक्शन में लिखा – माही और मैडी की जोड़ी आग लगा देगी।

धोनी की बात करें तो उन्हें पहले भी कई विज्ञापनों और स्पेशल अपीयरेंस में देखा जा चुका है। हाल ही में वे तमिल फिल्म 'GOAT' में गेस्ट रोल में नजर आए थे। लेकिन 'द चेज' को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह धोनी के एक्टिंग करियर की औपचारिक शुरुआत हो सकती है।

वहीं आर. माधवन के वर्कफ्रंट की बात करें तो हाल ही में वे नेटफ्लिक्स की फिल्म 'आप जैसा कोई' में नजर आए थे, जहां उनके अभिनय को खूब सराहा गया। अब 'द चेज' को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

धोनी के फैंस अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि आखिरकार यह प्रोजेक्ट क्या है और इसमें उनका किरदार कितना दमदार होगा। क्रिकेट के मैदान के बाद अब पर्दे पर धोनी का यह अवतार उनके चाहने वालों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है।