2 News : तारा की जिंदगी में फिर हुई प्यार की एंट्री, इन्हें कर रहीं डेट, जल्द मां बनने वाली हैं गोविंदा की भांजी

एक्ट्रेस तारा सुतारिया अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर खबरों में रहती हैं। कहा जा रहा है कि तारा की जिंदगी में नए प्यार की एंट्री हो चुकी है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि तारा को अब एक्टर वीर पहाड़िया से प्यार हो गया है। दोनों लगातार साथ स्पॉट किए जा रहे हैं। सूत्र ने दोनों का रिश्ता कंफर्म कर दिया है। ई टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सूत्र ने बताया कि तारा और वीर को एक-दूसरे से प्यार हो गया है। तारा, वीर को डेट कर रही हैं। दोनों ने कुछ महीनों पहले ही डेटिंग शुरू की है।

वे साथ में क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं और फिलहाल एक-दूसरे को समझ रहे हैं। वीर और तारा को पहली बार एक फैशन वीक के दौरान साथ में देखा गया था जहां वे शो स्टॉपर थे। इसके बाद से तारा और वीर कई बार डिनर डेट पर नजर आ चुके हैं। वैसे अभी तक दोनों में से किसी ने भी रिश्ते को लेकर कुछ नहीं कहा है। उन्होंने इस मामले में चुप्पी साध रखी है। इससे पहले तारा का नाम अरुणोदय सिंह और आदर जैन से जुड़ चुका है। तारा और आदर ने साल 2019 से डेट करना शुरू किया था और साल 2023 तक दोनों साथ रहे।

हालांकि फिर दोनों का ब्रेअकप हो गया। इसके बाद आदर ने अलेखा आडवाणी से शादी करके घर बसा लिया। आदर एक्टर रणबीर कपूर और करीना कपूर खान की बुआ रीमा जैन के बेटे हैं। दूसरी ओर, वीर का नाम जानी-मानी एक्ट्रेस सारा अली खान संग जुड़ चुका है। दोनों के अफेयर की काफी चर्चा हुई थी। हालांकि इस रिश्ते को कोई मंजिल नहीं मिल पाई और जल्द ही दोनों कलाकार अलग हो गए थे। वीर ने इसी साल ‘स्काई फोर्स’ फिल्म के साथ एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। फिल्म में वीर के साथ सारा और अक्षय कुमार थे। वीर के भाई शिखर पहाड़िया का नाम लंबे समय से जान्हवी कपूर के साथ जुड़ रहा है।

एक्ट्रेस सौम्या सेठ के घर पर होस्ट की गई बेबी शॉवर पार्टी

दिग्गज एक्टर गोविंदा की भांजी एक्ट्रेस सौम्या सेठ जल्द ही दूसरी बार मां बनने वाली हैं। हाल ही में सौम्या के लिए एक शानदार बेबी शॉवर का आयोजन किया गया। इसकी तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। पार्टी घर पर ही होस्ट की गई जिसे गुलाबी और सुनहरे गुब्बारों से खूबसूरती से सजाया गया था। सौम्या ने फैमिली के साथ भी फोटो शूट करवाया। एक फोटो में उनका बड़ा बेटा बेबी बंप को प्यार से सहलाता नजर आया। सौम्या ने व्हाइट लेस फुल-स्लीव टॉप पहना था जिसे उन्होंने बेज पेंसिल स्कर्ट के साथ पेयर किया था।

उनके चेहरे पर प्रेग्नेंसी ग्लो साफ नजर आ रहा था। सौम्या ने कैप्शन में लिखा, “24 मई 2025...एक दिन जिसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगी। हमारा घर, मेरा दिल, आंगन की ठंडी हवा…सब कुछ बिल्कुल परफेक्ट था।” सौम्या ने जून 2023 में शुभम चूहाड़िया के साथ शादी की थी। इसके बाद सौम्या अमेरिका चली गईं और वहां पर खुशहाल जिंदगी बिता रही हैं।

यह सौम्या की दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने 15 जनवरी 2017 को अभिनेता अरुण कपूर से शादी की थी और 8 महीने बाद बेटे आयडेन के आने की जानकारी दी। हालांकि मां बनने के 2 साल बाद उनका तलाक हो गया था। सौम्या ने अरुण पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।