अनुपम खेर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, लेकिन दर्शकों से उम्मीद के मुताबिक प्यार नहीं मिल पाया। फिल्म को आलोचकों ने सराहा, फिर भी यह बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और अब तक सिर्फ 2 करोड़ रुपये की ही कमाई कर सकी है। इसी दिन रिलीज हुई 'सैयारा' ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिसका असर ‘तन्वी द ग्रेट’ की कमाई पर भी पड़ा।
अब अनुपम खेर ने खुलकर बताया है कि इस फिल्म को बनाने में उन्होंने कितनी मेहनत की और किन चुनौतियों का सामना किया। इतना ही नहीं, फिल्म से जुड़े कलाकारों को अभी तक उनका मेहनताना तक नहीं दिया गया है।
आखिरी समय पर फंडिंग से हाथ खींचा गयारिपब्लिक भारत को दिए एक साक्षात्कार में अनुपम खेर ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले एक प्रमुख निवेशक ने अपने कदम पीछे खींच लिए। इससे फिल्म की योजना पर असर पड़ा और उसे समय पर पूरा करना मुश्किल हो गया।
बचाव के लिए अनुपम ने अपने जानने वाले डॉक्टरों, व्यापारियों और पेशेवरों से संपर्क किया और किसी तरह फिल्म को आगे बढ़ाया।
किसी स्टूडियो से नहीं लिया सहयोगअनुपम खेर का कहना है कि उन्होंने इस फिल्म के लिए किसी बड़े फिल्म स्टूडियो के साथ हाथ नहीं मिलाया, क्योंकि वो अपनी रचनात्मक स्वतंत्रता (क्रिएटिव इंडिपेंडेंस) बनाए रखना चाहते थे। उन्होंने बताया कि फिल्म को 10 प्रोड्यूसर्स ने मिलकर बनाया है, जिनमें से अधिकांश फिल्म इंडस्ट्री से नहीं जुड़े हैं।
फिल्म का कुल बजट 50 करोड़ रुपये रहा और इसके बावजूद किसी भी कलाकार को भुगतान नहीं किया गया है।
बिजनेस नहीं, सिनेमा मेरा सपना हैअनुपम खेर ने कहा, दुर्भाग्यवश पिछले कुछ सालों में सिनेमा को पूरी तरह से कारोबार मान लिया गया है। आज अगर कोई फिल्म अच्छा कारोबार नहीं करती, तो उसे खराब मान लिया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वो अपनी फिल्म को लेकर रक्षात्मक (defensive) नहीं हैं, बल्कि यथार्थ बता रहे हैं। हमारा बजट 50 करोड़ तक पहुंच गया था। एक सज्जन थे जिन्होंने वादा किया था कि वो बजट का आधा हिस्सा देंगे, लेकिन शूटिंग शुरू होने से एक महीना पहले उन्होंने मना कर दिया।
चार बड़े कलाकारों ने छोड़ी फीसखेर ने भावुक होकर बताया कि फिल्म के मुख्य चार कलाकार — अरविंद स्वामी, जैकी श्रॉफ, पल्लवी जोशी और बोमन ईरानी — ने बिना किसी फीस के काम करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा, मैंने सभी से जाकर सच बताया और कहा कि जब फिल्म रिलीज होगी, तब मैं भुगतान करूंगा। इस पर सभी ने एक स्वर में कहा, 'क्या हमने मांगा है?'