2 News : सुष्मिता ने दोनों बेटियों के साथ शेयर की खूबसूरत Photos, रिलेशनशिप पर छलका बाबिल का दर्द, लिखा…

एक्ट्रेस और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन 49 साल की हो चुकी हैं लेकिन उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। हालांकि हाल ही उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह शादी करने को तैयार हैं, लेकिन कोई उनके लायक मिलना भी चाहिए। सुष्मिता ने कई साल पहले दो बेटियां रेने और अलीसा को गोद लिया था, जो अब काफी बड़ी हो गई हैं। उन्होंने अब दोनों बेटियों के साथ वाली कई तस्वीरें शेयर की हैं। तीनों के बीच बेहतरीन बोंडिंग दिख रही है। वे ट्रेडिशनल आउटफिट में हैं।

सुष्मिता ने कैप्शन में लिखा, “वे दोनों खूबसूरत दिखीं और खूबसूरत महसूस कर रही थीं, और निश्चित रूप से नीता लुल्ला के आउटफिट में सजकर वे बहुत एक्साइटेड थीं। समय कैसे उड़ जाता है और रिश्ते कैसे बनते हैं!! हमेशा अद्भुत और धन्य रहें!! ढेर सारा प्यार नीता!!” फोटो में सुष्मिता ने लैवेंडर रंग की साड़ी चुनी। मां और बेटियां खूबसूरत लग रही हैं। फैंस इन फोटो पर बेशुमार प्यार लुटाते हुए कमेंट कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि साल 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के बाद सुष्मिता ने बॉलीवुड में एक सफल करिअर बनाया।

इसके अलावा सुष्मिता ने साल 2000 में सिर्फ 24 साल की उम्र में एक बच्ची को गोद लेने का फैसला किया। तब सुष्मिता ने रेने सेन को गोद लिया। इसके बाद साल 2010 में उन्होंने दूसरी बेटी अलिसा सेन को भी अपनाया। सुष्मिता अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अक्सर बेटियों के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा करती हैं। रेने मां की जैसे अभिनय की दुनिया में कदम रख चुकी हैं। साल 2020 में उन्होंने शॉर्ट फिल्म ‘सुट्टाबाजी’ से डेब्यू किया था। सुष्मिता की छोटी बेटी अलिसा अभी पढ़ाई पर फोकस कर रही हैं और समाज सेवा में भी रुचि रखती हैं।
इरफान खान के बेटे बाबिल ने लिखा, आपको उन चीजों का पछतावा नहीं होगा जिन्हें…

दिवंगत एक्टर इरफान खान के बेटे बाबिल खान भी एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुके हैं। हालांकि बाबिल ने अभी तक बहुत ज्यादा फिल्में नहीं की है, लेकिन लोग उनकी अदाकारी से इम्प्रेस हैं। बाबिल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपने पिता को याद करने वाली पोस्ट शेयर करते हैं। इरफान का साल 2020 में निधन हो गया था। इस बीच बाबिल ने एक पोस्ट डाली है, जिसमें वे अपने दिल की बात कहते नजर आए।

बाबिल ने इंस्टाग्राम पर अपनी 5 तस्वीरों के साथ इमोशंस को जाहिर करते हुए लिखा, “आपको उन चीजों का पछतावा नहीं होगा जिन्हें आप अपने जीवन में हासिल नहीं कर पाए बल्कि उन चीजों का पछतावा होगा कि आप उन लोगों से अपने दिल की बात नहीं कह पाए जिनके साथ आप जिंदगीभर चलना चाहते थे या जिनसे आप प्यार करते थे। किसी विषय पर काम करना केवल सोचने से ज्यादा जरूरी होता है। लेकिन तभी जब आपके विचार आपको स्थिरता की ओर ले जाएं।

यहां पर एक पल के लिए ठहरें और उस बारे में विचार करें। जब व्यक्तिगत संबंधों की बात आती है तो मैंने बहुत कुछ खोया है और मैं नहीं चाहता कि आप भी उसी तरह खोएं। अपने लोगों से प्यार करें।” बाबिल के वर्कफ्रंट की बात करें तो वे जल्द ही अमित गोलानी की रोमांटिक-थ्रिलर फिल्म 'लॉग आउट' में दिखाई देंगे। साई राजेश के निर्देशन में बनी फिल्म के अलावा उनके पास 3 और प्रोजेक्ट हैं।