दिग्गज अभिनेता सनी देओल 40 साल से भी ज्यादा समय से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। वैसे तो सनी ने हर तरह के किरदार को अंजाम दिया है, लेकिन उनका एक्शन अवतार सर्वाधिक पसंद किया जाता है। बड़े पर्दे पर सनी का तूफानी अंदाज कुछ अलग ही कमाल करता है। सनी 67 साल के हो चुके हैं लेकिन उनका जादू कायम है। साल 2023 में आई सनी की मूवी ‘गदर 2’ से यह बात साबित हो चुकी है। यह मूवी ब्लॉकबस्टर रही और सनी एक बार फिर से छा गए। इसके बाद से सनी की कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई है।
हालांकि अब सनी को चाहने वालों के लिए एक खुशखबरी है, जो उन्हें थिएटर्स में देखने को बेताब हैं। डायरेक्टर राजकुमार संतोषी की सुपरहिट मूवी ‘घातक’ सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होने वाली है। इस फिल्म के हीरो सनी देओल थे और उनके अपोजिट एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्री थीं। इसके अलावा अमरीश पुरी और डेनी डेंजोगप्पा की भी अहम भूमिका थी। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार 'घातक' को 29 साल बाद सिनेमाघरों में फिर से रिलीज किया जा रहा है। यह फिल्म 28 फरवरी को दोबारा आ सकती है।
फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। एक सूत्र ने कहा कि ‘घातक’ सिनेमाघरों में फिर से रिलीज हो रही है। अब तक रिलीज तारीख 28 फरवरी है, लेकिन इसमें बदलाव हो सकता है। कुछ दिनों में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सनी देओल इसे लेकर काफी उत्साहित हैं। बता दें यह फिल्म 15 नवंबर 1996 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर 26.48 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार किया था।
इस फिल्म का बजट 6 करोड़ रुपए था। संतोषी ने ही इस फिल्म का निर्माण भी किया था। उल्लेखनीय है कि संतोषी की एक और मूवी 'अंदाज अपना अपना' भी लगभग 31 साल बाद एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म अप्रैल में थिएटर्स में दस्तक देगी।
हिमेश रेशमिया की ‘बैडएस रविकुमार’ अच्छी शुरुआत के बाद फैंस पर नहीं चला पाई जादूविक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘छावा’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए पहले दिन 31 करोड़ रुपए कमाए। ‘छावा’ के आने से पहले से सिनेमाघरों में टिकी ‘बैडएस रविकुमार’ और ‘लवयापा’ पर खतरा मंडरा गया है। पिछले सप्ताह 7 फरवरी को रिलीज हुए ये दोनों फिल्में पहले ही संघर्ष कर रही थीं और अब जल्द ही उनका बोरिया बिस्तर गोल हो सकता है।
आईए देखते हैं इन दोनों फिल्मों का हाल। पहले बात करते हैं हिमेश रेशमिया की मूवी ‘बैडएस रविकुमार’ की। इसके सीन और डायलॉग खूब चर्चाओं में रहे थे। पहले दिन इसने बेहतर शुरुआत की थी। हर गुजरते दिन के साथ फिल्म की कमाई में गिरावट देखते को मिली। फिल्म ने पहले वीकेंड में 6.5 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।
फिल्म ने अब तक 8.20 करोड़ रुपए ही कमाए हैं। अब नजर डालते हैं खुशी कपूर और जुनैद खान की फिल्म ‘लवयापा’ पर। फिल्म का जादू बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला। ‘लवयापा’ ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। शुक्रवार को इसकी कमाई मात्र 35 लाख रुपए रही। इसी के साथ ‘लवयापा’ का कुल कलेक्शन 6.50 करोड़ रुपए हो गया है।