एक्टर रणबीर कपूर की पिछली फिल्म ‘एनिमल’ पिछले साल 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने देश-दुनिया में सबका ध्यान खींचा। रणबीर की अदाकारी एक अलग ही लेवल पर थी। इसके बाद से ही फैंस रणबीर की अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रणबीर फिलहाल ‘रामायण’ मूवी की शूटिंग में बिजी हैं। वे भगवान राम का किरदार निभाते नजर आएंगे। कुछ दिनों पहले रणबीर ने बताया था कि नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म दो पार्ट में बनेगी।
इसमें से पहले पार्ट की शूटिंग पूरी हो चुकी है। अब फिल्म के एक और अहम कलाकार सनी देओल ने भी कुछ खास जानकारी शेयर की है। बताया जा रहा है कि सनी फिल्म में हनुमानजी का किरदार निभा रहे हैं। सनी ने इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में खुलासा किया कि मेकर्स फिल्म को हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार’ और ‘प्लेनेट ऑफ द एप्स’ की तरह बनाने की प्लानिंग में हैं। इन फिल्मों के टेक्नीशियन इस फिल्म का हिस्सा हैं।
सनी ने कहा कि फिल्म के राइटर और डायरेक्टर इस बात को लेकर एकदम क्लियर हैं कि उन्हें फिल्म को किस तरह से बनाना है और उनके किरदारों को लोगों के सामने कैसे प्रजेंट करना है। जिस तरह से फिल्म बनाई जा रही है, उसमें दर्शकों को स्पेशल इफेक्ट मिलेगा। इन इफेक्ट से उनको ऐसा लगेगा कि सच में ये सारी घटना घटी है। फिल्म शानदार होने वाली है, जिसे हर कोई बहुत पसंद करेगा। ‘रामायण’ में ‘सीता’ का रोल साउथ की एक्ट्रेस साई पल्लवी निभाएंगी।
सनी देओल ने बॉबी देओल के ‘एनिमल’ फिल्म के रोल को लेकर कहा...सनी ने स्क्रीन लाइव को दिए इंटरव्यू में अपने छोटे भाई बॉबी देओल की सफलता को लेकर बात की और बताया कि कैसे उन्होंने ‘आश्रम’ वेब सीरीज से लेकर ‘एनिमल’ मूवी तक में क्या जबरदस्त परफॉर्मेंस दी है। सनी ने कहा कि बॉबी की पर्सनैलिटी है। वह अच्छे दिखते हैं। उनके पास सब है। बस ऐसा होता है कि आपको मौका नहीं मिलता है और चीजें आपके हिसाब से नहीं हो पाती हैं। ‘एनिमल’ में जब बॉबी ‘अबरार’ के रूप में स्क्रीन पर आते हैं तो वे पूरे शो पर कब्जा कर लेते हैं। बॉबी ऐसे नहीं हैं कि मैं हीरो हूं तो विलेन का किरदार नहीं कर सकता।
उनकी स्क्रीन प्रजेंस को देखकर सबने तारीफ की। बता दें कि बॉबी ने एक गूंगे विलेन का किरदार निभाया था। भले ही बॉबी ने एक भी डायलॉग नहीं बोला, लेकिन उनके एक्सप्रेशन्स ही काफी थे। बता दें सनी इस समय अपनी अपकमिंग फिल्म ‘लाहौर 1997’ और ‘जाट’ में बिजी हैं। ये दोनों फिल्में अगले साल रिलीज होंगी। सनी की पिछली फिल्म पिछले साल आई ‘गदर 2’ थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया।