2 News : सनी-बॉबी ने मां को ऐसे दी जन्मदिन की बधाई, राम कपूर ने अपने बर्थडे पर शर्टलेस सेल्फी पोस्ट कर लिखा…

गुजरे जमाने के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर आज सोमवार (1 सितंबर) को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उनके बेटे सनी और बॉबी देओल ने उन पर भरपूर प्यार लुटाते हुए उन्हें खास अंदाज में बर्थडे विश किया है। सनी ने इंस्टाग्राम पर मां के साथ 2 तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनके कैप्शन में लिखा, “हैप्पी बर्थडे मम्मा। आई लव यू।” तस्वीर में सनी ब्लैक गेटअप में नजर आ रहे हैं। उन्होंने पगड़ी से लेकर पैंट-शर्ट सब काले रंग के पहने हुए हैं। वहीं उनकी मां पीले सूट में बेहद खूबसूरत लग रही हैं।

दोनों तस्वीरों में कैमरे की ओर देखकर मुस्कुरा रहे हैं। फैंस को दोनों की बोंडिंग बहुत अच्छी लग रही है। वे भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। इसके अलावा सनी के बेटे राजवीर देओल ने पोस्ट के कमेंट में लिखा, “हैप्पी बर्थडे दादी मां...लव यू।” इसी के साथ बॉबी देओल ने भी मां के साथ दो फोटो पोस्ट की। पहली में वे मां को गले लगाते नजर आ रहे हैं। दूसरी में बॉबी व प्रकाश के साथ सनी भी हैं। उन्होंने इसे कैप्शन दिया, “लव यू मां। हैप्पी बर्थडे।” उल्लेखनीय है कि प्रकाश कौर लाइमलाइट से दूर रहती हैं। उन्हें अपने परिवार के साथ वक्त बिताना पसंद है।

प्रकाश और धर्मेंद्र की शादी साल 1954 में हुई थी। उनके दो बेटे सनी व बॉबी और दो बेटियां विजेता व अजीता हैं। धर्मेंद्र ने साल 1980 में एक्ट्रेस हेमा मालिनी के साथ दूसरी शादी की थी, जिससे उनके दो बेटियां ईशा और अहाना देओल हैं। सनी के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म इसी साल रिलीज हुई 'जाट' थी। अब वे 'बॉर्डर 2' में नजर आएंगे। मेकर्स ने इसका पहला पोस्टर 15 अगस्त को जारी किया था। दूसरी ओर बॉबी अब आर्यन खान के पहले वेब शो ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में धमाल मचाते दिखेंगे। उनके पास यशराज के स्पाई यूनिवर्स की फिल्म ‘अल्फा’ भी है। बॉबी की पिछली फिल्म ‘हरि हर वीर मल्लु’ थी। ‘एनिमल’ फिल्म से बॉबी के करिअर में फिर से जान आ गई है।
52 साल के हुए राम कपूर ने टीवी, फिल्म और ओटीटी हर जगह खुद को साबित किया

मशहूर एक्टर राम कपूर आज सोमवार (1 सितंबर) को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वे 52 साल के हो गए। उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस और सेलेब्स बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस खास मौके पर राम ने अपने चाहने वालों के लिए एक खास पोस्ट शेयर की। राम ने इंस्टाग्राम पर शर्टलेस मिरर सेल्फी पोस्ट करते हुए लिखा, “आज मैं 52 साल का हो गया हूं, लेकिन अब मैं खुद को पिछले 25 सालों से ज्यादा जवान और सेहतमंद महसूस कर रहा हूं। उम्र तो बस एक नंबर है, असली बात तो ये है कि आप अंदर से कैसे महसूस करते हैं।”

राम ने लगभग 18 महीनों में 55 किलो से ज्यादा वजन कम कर लिया है, जो उनकी ताजा तस्वीर में साफ नजर आता है। वे फिट रहने के लिए जिम में खूब पसीना बहाते हैं और जी-तोड़ मेहनत करते हैं। उनके सिक्स-पैक एब्स और परफेक्ट जॉलाइन्स वाला लुक चर्चाओं में है। बता दें राम ने अपने करिअर की शुरुआत साल 1999 में टीवी सीरियल 'न्याय' से की थी। इसके बाद वे 'हिना', 'संघर्ष' और 'कविता' जैसे शो में नजर आए।

साल 2000 में वे 'घर एक मंदिर' में दिखे और उसी साल सीरियल 'द फिफ्टी डेज ऑफ वॉर : कारगिल' में हिस्सा लिया। राम ने फिल्मों और वेब सीरीज में भी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है। उन्होंने 'एजेंट विनोद', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' और 'हमशकल्स' जैसी फिल्मों से सबका ध्यान खींचा। वे हाल ही में ओटीटी पर वेब सीरीज 'मिस्त्री' में नजर आए थे।