गोविंदा की पत्नी सुनीता ने किया खुलासा, 15 साल से रह रहे अलग-अलग, परिवार के कुछ लोग नहीं चाहते हम रहें साथ

80-90 दशक में फैंस पर जादू चलाने वाले अभिनेता गोविंदा (61) पिछले काफी समय से बॉलीवुड से दूर हैं। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि वे फिल्में क्यों नहीं कर रहे, जबकि उनके समकालीन हीरो आज भी काफी एक्टिव हैं। वैसे पिछले कुछ समय से गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर चर्चे हो रहे हैं। उनका वैवाहिक जीवन खतरे में पड़ा हुआ है। अटकलों का बाजार गरम है और कहा जा रहा है कि पत्नी सुनीता आहूजा के साथ गोविंदा का रिश्ता तलाक की कगार पर पहुंच गया है। गोविंदा ने अभी तक इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है, लेकिन सुनीता कई मौकों पर रिश्ते को लेकर बात करती हैं।

उनकी बातों से साफ पता चलता है कि दाल में कुछ काला है। इस बीच सुनीता ने हाल ही में अपने यूट्यूब व्लॉग में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। सुनीता ने बताया कि वह और गोविंदा पिछले 15 सालों से अलग-अलग घरों में रहते हैं। हालांकि वे आमने-सामने रहते हैं और आपस में आना-जाना भी करते रहते हैं। वह अपने दोनों बच्चों यशवर्धन और टीना आहूजा के साथ रहती हैं, जबकि गोविंदा अकेले रहते हैं। सुनीता ने कहा कि 'ची ची' और मैं 15 साल से अलग-अलग घरों में रह रहे हैं, लेकिन हम घर पर आते-जाते रहते हैं।

जिसने भी किसी अच्छी औरत को दुख दिया, वह कभी सुखी नहीं रह सकता, हमेशा बेचैन रहेगा। मैंने बचपन से अब तक अपनी पूरी जिंदगी उसे समर्पित कर दी है। आज भी मैं उससे बहुत प्यार करती हूं। हां, नाराज़गी 100% है क्योंकि मैं भी सब सुनती हूं लेकिन मैं मज़बूत हूं क्योंकि मेरे बच्चे मेरे साथ हैं।
‘गोविंदा के अफेयर की अफवाहों से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता’

सुनीता ने आगे कहा कि समस्या यह है कि उनके परिवार में कुछ लोग हैं जो मुझे और गोविंदा को साथ देखकर खुश नहीं होते। उन्हें लगता है कि हमारा परिवार इतना खुश क्यों है। ऐसे लोग, जिनके अपने बच्चे और बीवी अब इस दुनिया में नहीं रहे, वे दूसरों की खुशी बर्दाश्त नहीं कर पाते। गोविंदा भी अच्छे लोगों के साथ ज्यादा वक्त नहीं बिताते। जैसा मैं कहती हूं अगर आप बुरे लोगों के साथ रहेंगे तो खुद भी वैसे ही बन जाएंगे।

गोविंदा के अफेयर की अफवाहों से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि मैं खुद बहुत मजबूत महिला हूं और अपने पति से बेहद प्यार करती हूं। कुछ दिनों पहले गोविंदा और सुनीता को एक साथ गणेश चतुर्थी मनाते देखा गया था, जिसे देख फैंस ने राहत की सांस ली। तब सुनीता ने मीडियाकर्मियों से कहा था कि आज इतना करीब, करीब...अगर कुछ होता तो हम इतने नजदीक होते? हमारी दूरियां होतीं।

कोई हम दोनों को अलग नहीं कर सकता, चाहे ऊपर से कोई आ जाए, भगवान आ जाए, कोई शैतान आ जाए। कोई नहीं अलग कर सकता है। बता दें दोनों की लव स्टोरी 1980 के दशक में शुरू हुई थी। दोनों ने 11 मार्च 1987 को शादी कर ली। सुनीता, गोविंदा के चाचा आनंद सिंह की साली हैं, जो मशहूर फिल्मकार ऋषिकेश मुखर्जी के असिस्टेंट रह चुके हैं।