2 News : सुनील ने इस अंदाज में किया विराट-रोहित का बचाव, इस एक्ट्रेस ने कराया बोल्ड मैटरनिटी फोटोशूट, भड़के फैंस

एक्टर सुनील शेट्टी कई सालों से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उनकी फिल्मों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। सुनील पिछले कुछ सालों से कम ही फिल्मों में नजर आते हैं। हालांकि वे अपने बयानों के चलते लाइमलाइट में रहते हैं। सुनील किसी भी मामले पर खुलकर अपनी बात रखते हैं। कभी-कभार उन्हें इसके लिए सोशल मीडिया पर ट्रॉल भी किया जाता है। सुनील को क्रिकेट काफी पसंद है और संयोग से उनकी बेटी अथिया की शादी भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख बल्लेबाज केएल राहुल के साथ हुई है। ऐसे में सुनील की अपने दामाद राहुल के साथ खूब जमती है। सुनील उनके खेल की जमकर तारीफ करते हैं। साथ ही राहुल को जब-तब फेल होने पर निशाना बनाया जाता है तो सुनील उनका बचाव भी करते नजर आते हैं।

फिलहाल सुनील ने टीम इंडिया के दो दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा की आलोचना करने वालों को आईना दिखाया है। दरअसल विराट व रोहित टेस्ट और टी20 क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। वे सिर्फ वनडे के लिए उपलब्ध हैं। दोनों स्टार हाल ही करीब 6 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते दिखे। वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के लिए वहां पहुंचे। शुरुआती दो मुकाबलों में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इनमें विराट खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि रोहित का प्रदर्शन भी अपेक्षानुरूप नहीं रहा। इसके बाद हर कोई उनसे रिटायरमेंट की मांग करने लगा।

हालांकि उन्होंने शनिवार (25 अक्टूबर) को सिडनी में हुए तीसरे व अंतिम वनडे में तगड़ी पारियां खेल भारत को 9 विकेट से आसान जीत दिला दी। रोहित ने नाबाद 121 और विराट ने नाबाद 74 रन ठोके। सुनील इन पारियों को देख काफी खुश हो गए। सुनील ने इंस्टाग्राम पर विराट और रोहित की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “ये अजीब है कि हम कितनी जल्दी भूल जाते हैं…रिकॉर्ड, लड़ाई, गर्व, आंसू, बलिदान। दो मैच और अचानक हर कोई आलोचक बन जाता है। उन्होंने शोर सुना। उन्होंने संदेह समझ लिए। वो चुप रहे और बल्ले से जवाब दिया। क्योंकि रोहित और विराट जैसे दिग्गजों को कोई बात साबित करने की जरूरत नहीं है। ये ही असली मुद्दा है।” सुनील के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म ‘केसरी वीर’ इसी साल रिलीज हुई थी। इसमें विवेक ओबेरॉय और सूरज पंचोली भी थे। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली।

सोनारिका भदौरिया जल्द बनने वाली हैं मां, 2 साल पहले हुई थी शादी

‘देवों के देव महादेव' फेम एक्ट्रेस सोनारिका भदौरिया जल्द ही मां बनने वाली हैं। सोनारिका ने अपना स्टाइलिश प्रेग्नेंसी फोटोशूट कराया है। हालांकि जैसे ही ये मैटरनिटी फोटोशूट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो यूजर्स उन्हें ट्रॉल करने लगे। सोनारिका अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ की अपडेट्स फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। सोनारिका ने ब्लैक बिकिनी के ऊपर नेट टॉप और सीक्वेंस स्कर्ट में बेबी बंप फ्लॉन्ट करती इन तस्वीरों को शेयर किया तो ये तुरंत इंटरनेट पर वायरल हो गईं।

फोटो में सोनारिका बीच पर शिमरी ब्रालेट और स्कर्ट में नजर आईं, जिसमें उनका लुक देखने लायक रहा। काला चश्मा, खुले बाल और न्यूड मेकअप से उन्होंने अपने लुक को कंप्लीट किया। बीच किनारे वह एक से बढ़कर एक सिजलिंग पोज दे रही थीं। सोनारिका के ये किलर पोज देखने के बाद ट्रॉलर्स उन्हें खरी-खोटी सुनाने लगे। लोगों के सोनारिका का पहना हुआ आउटफिट बिल्कुल भी पसंद नहीं आया। उन्होंने इस ट्रांसपेरेंट आउटफिट पर सवाल खड़े कर दिए। सोनारिका ने इस ग्लैमरस लुक में बेबी बंप भी जमकर फ्लॉन्ट किया।

बता दें कि सोनारिका ने 9 साल के रिलेशनशिप के बाद 18 फरवरी 2024 को अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड विकास पराशर से शादी की थी। वह अब शादी के करीब 2 साल बाद पहले बच्चे का स्वागत करेंगी। काम की बात करें तो सोनारिका 'देवों के देव महादेव', 'पृथ्वी वल्लभ - इतिहास भी रहस्य भी', 'दास्तान-ए-मोहब्बत सलीम अनारकली', 'तुम देना साथ मेरा' और 'इश्क में मरजावां' जैसे शो में अपने रोल्स के लिए जानी जाती हैं।