Sunday Box Office Report: संडे को थिएटर में 6 फिल्मों की जबरदस्त भिडंत, जानें-कौन मारा बाज़ी, कौन रह गया पीछे

सितंबर के पहले हफ्ते के शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड की कई बड़ी फ़िल्में एक साथ रिलीज़ हुईं। इनमें टाइगर श्रॉफ की एक्शन पैक्ड 'बागी 4', विवेक अग्निहोत्री की विवादित फिल्म 'द बंगाल फाइल्स', हॉलीवुड की हॉरर फ्रेंचाइज़ी 'द कॉन्ज्यूरिंग: लास्ट राइट्स', तमिल फिल्म 'मद्रासी' और पहले से चल रही 'परम सुंदरी' शामिल थीं। आइए जानते हैं, रविवार को इन फिल्मों ने कितना कलेक्शन किया।

‘बागी 4’ की संडे कलेक्शन रिपोर्ट

टाइगर श्रॉफ की 'बागी 4' ने पहले दिन 12 करोड़ रुपये से दमदार शुरुआत की थी। दूसरे दिन इसका कलेक्शन घटकर 9 करोड़ रुपये हो गया। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज़ के तीसरे दिन यानी संडे को फिल्म ने 10 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह तीन दिनों में फिल्म ने कुल 31.25 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया।

फिल्म में संजय दत्त, सोनम बाजवा और हरनाज़ कौर संधू ने अहम किरदार निभाए हैं। शानदार एक्शन और टाइगर की पावर-पैक परफॉर्मेंस ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
‘द बंगाल फाइल्स’ का संडे कलेक्शन

विवेक अग्निहोत्री की 'द बंगाल फाइल्स' विवादों के बीच रिलीज़ हुई। पहले दिन फिल्म ने सिर्फ 1.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि दूसरे दिन यह बढ़कर 2.25 करोड़ रुपये हो गई। संडे को फिल्म ने 2.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे तीन दिनों में कुल कमाई 6.65 करोड़ रुपये हो गई।

‘द कॉन्ज्यूरिंग: लास्ट राइट्स’ का प्रदर्शन

हॉलीवुड की हॉरर फ्रेंचाइज़ी का चौथा पार्ट भारतीय दर्शकों को खूब पसंद आया। पहले और दूसरे दिन फिल्म ने 17.5 करोड़ रुपये रोज़ाना कमाए। रविवार को यह 15.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर गई। इस तरह तीन दिनों में फिल्म की कुल कमाई 50.50 करोड़ रुपये हो गई।

‘मद्रासी’ की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट

तमिल साइकोलॉजिक एक्शन थ्रिलर 'मद्रासी' ने पहले दिन 13 करोड़ रुपये कमाए और दूसरे दिन 11.75 करोड़ रुपये। रविवार को फिल्म ने 10.85 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह तीन दिनों में कुल कमाई 36.60 करोड़ रुपये रही।

‘परम सुंदरी’ का संडे कलेक्शन

सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर स्टारर 'परम सुंदरी' ने पहले हफ्ते 39.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दूसरे शुक्रवार और दसवें दिन क्रमशः 1.85 करोड़ और 2 करोड़ रुपये कमाए। रविवार को फिल्म ने 2.36 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। 10 दिनों में फिल्म की कुल कमाई अब 45.86 करोड़ रुपये हो गई है।

‘लोकाह चैप्टर 1: चंद्रा’ की कमाई

मलयालम सुपरहीरो फिल्म 'लोकाह चैप्टर 1: चंद्रा' ने पहले हफ्ते में 54.7 करोड़ रुपये कमाए। नौवें दिन फिल्म ने 7.65 करोड़ रुपये और दसवें दिन 10 करोड़ रुपये कमाए। रविवार को फिल्म ने 7.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। 11 दिनों में फिल्म की कुल कमाई अब 80.2 करोड़ रुपये तक पहुँच गई है।