रविवार को बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का दबदबा, ‘अखंडा 2’ ने भी दिखाई ताकत; जानिए ‘किस किस को प्यार करूं 2’ समेत बाकी फिल्मों की कमाई का पूरा हाल

साल अपने अंतिम पड़ाव पर है और सिनेमाघरों में दर्शकों को मनोरंजन की भरपूर सौगात मिल रही है। इस वक्त थिएटर्स में एक तरफ बॉलीवुड की जबरदस्त स्पाई-एक्शन थ्रिलर ‘धुरंधर’ दर्शकों को सीट से बांधे हुए है, तो दूसरी ओर हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी ‘किस किस को प्यार करूं 2’ भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। साउथ इंडियन सिनेमा की बात करें तो माइथोलॉजिकल ड्रामा ‘अखंडा 2’, मलयालम फिल्म ‘कलमकावल’ और कन्नड़ एक्शन थ्रिलर ‘द डेविल’ भी बॉक्स ऑफिस पर दमखम दिखा रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि रविवार को किस फिल्म ने सबसे ज्यादा कमाई की? आइए डालते हैं संडे बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट पर एक नजर।

दूसरे रविवार ‘धुरंधर’ का जलवा बरकरार, रिकॉर्डतोड़ कमाई जारी

रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी आदित्य धर निर्देशित ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ चुकी है। फिल्म ने अपने पहले ही सप्ताह में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था और दूसरे वीकेंड में भी इसकी कमाई में कोई कमी नहीं आई। इंडस्ट्री ट्रैकर्स के मुताबिक, दूसरे शनिवार को फिल्म ने 53 करोड़ रुपये बटोरे। वहीं Sacnilk की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के 10वें दिन यानी दूसरे रविवार को फिल्म ने करीब 59 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन किया। इसके साथ ही ‘धुरंधर’ की 10 दिनों की कुल कमाई 351.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

‘किस किस को प्यार करूं 2’ को मिला वीकेंड का सहारा

कपिल शर्मा स्टारर रोमांटिक कॉमेडी ‘किस किस को प्यार करूं 2’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में उतरी थी। हालांकि रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ के सामने फिल्म की शुरुआत फीकी रही और पहले दिन इसका कलेक्शन सिर्फ 1.85 करोड़ रुपये रहा। लेकिन वीकेंड के साथ फिल्म की रफ्तार थोड़ी बढ़ी। शनिवार को इसमें 35.14 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिली और फिल्म ने 2.5 करोड़ रुपये कमाए। Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, रविवार यानी तीसरे दिन फिल्म ने 2.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह तीन दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 7.20 करोड़ रुपये हो चुका है।

‘अखंडा 2’ ने स्थिर कमाई के साथ बनाया मजबूत आधार

नंदमुरी बालकृष्ण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग दर्ज की थी। हालांकि रविवार को इसकी कमाई में कोई खास उछाल देखने को नहीं मिला। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 30.5 करोड़ रुपये (जिसमें पेड प्रीव्यू से 8 करोड़ शामिल हैं) कमाए थे। दूसरे दिन इसका कलेक्शन 15.5 करोड़ रुपये रहा। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने 15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही ‘अखंडा 2’ का तीन दिन का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 61 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

तीसरे रविवार ‘तेरे इश्क में’ की कमाई में हल्की गिरावट

कृति सेनन और धनुष की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘तेरे इश्क में’ 28 नवंबर को रिलीज हुई थी और शुरुआत में इसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। पहले हफ्ते में फिल्म ने 83.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई घटकर 25.15 करोड़ रुपये रह गई। 15वें दिन फिल्म ने 1.05 करोड़, 16वें दिन 1.65 करोड़ और तीसरे रविवार यानी 17वें दिन Sacnilk के अनुसार 1.75 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही फिल्म का 17 दिनों का कुल कलेक्शन 113.25 करोड़ रुपये हो गया है।

‘कलमकावल’ को मिला दर्शकों का साथ, कमाई में स्थिरता

ममूटी स्टारर मलयालम फिल्म ‘कलमकावल’ को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने 5 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी और पहले हफ्ते में इसका कलेक्शन 26.3 करोड़ रुपये रहा। आठवें दिन फिल्म ने 1.65 करोड़ और नौवें दिन 2.1 करोड़ रुपये कमाए। Sacnilk की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे रविवार यानी 10वें दिन फिल्म ने 2.10 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही ‘कलमकावल’ का 10 दिनों का कुल कलेक्शन 32.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

‘द डेविल’ ने निगेटिव रिव्यू के बावजूद दिखाई कमाई की ताकत

एक्टर दर्शन की कन्नड़ फिल्म ‘द डेविल’ दो साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर आई है। हालांकि फिल्म को समीक्षकों से नकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन दर्शकों की दिलचस्पी इसे बॉक्स ऑफिस पर संभाले हुए है। फिल्म ने पहले दिन 10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन इसकी कमाई 3.4 करोड़, तीसरे दिन 3.80 करोड़ रही। Sacnilk के मुताबिक, पहले रविवार यानी चौथे दिन फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई अब 21.45 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।