श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री 2' 15 अगस्त के बाद से ही हंगामा मचा रही है। इस फिल्म को रिलीज हुए आज 22 अगस्त को आठवां दिन है। इतना समय बीत जाने के बाद भी फिल्म 'स्त्री 2' पीछे हटने को तैयार नहीं है। एक के बाद एक फिल्म 'स्त्री 2' बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड्स तोड़ रही है। लोग सिनेमाघरों के बाहर लाइन लगा लगाकर इस फिल्म को देखने जा रहे हैं। दर्शकों की उत्सुकता को देखते हुए यह कहा जा सकता है अभी फिलहाल स्त्री 2 की कमाई का सिलसिला थमने वाला नहीं है। रिलीज के सातवें दिन भी फिल्म 'स्त्री 2 ने कमाई के मामले में सबको पछाड़ दिया है। मशहूर ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श के अनुसार स्त्री 2 ने अपने प्रदर्शन के सातवें दिन बॉक्स ऑफिस पर 20.40 करोड़ का कारोबार किया है। इससे पूर्व छठे दिन स्त्री 2 ने 26.80 करोड़ का कारोबार किया था।
अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने कमाई के मामले में सनी देओल की 'गदर 2' के साथ ही शाहरुख खान की 'पठान' का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 'स्त्री 2' ने 6 दिनों मे 269 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक फिल्म ने सातवें दिन यानी बुधवार को 20.40 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। इस हिसाब से फिल्म ने केवल सात दिनों में 289.60 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है और आज गुरुवार के दिन फिल्म 300 करोड़ के आंकड़े को पार करने में सफल हो जाएगी।
बीते एक हफ्ते में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री 2' ने एनिमल, जवान, पठान, केजीएफ, RRR जैसी फिल्मों की कमाई को पछाड़ दिया है। अब वो दिन ज्यादा दूर नहीं है जब श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 400 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी।
गौरतलब है कि 'स्त्री 2' ने जहां प्रीव्यू में 9.40 करोड़ रुपये की कमाई की थी तो वहीं पहले दिन 55.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। तो वहीं शुक्रवार को 35.30 करोड़ रुपये, शनिवार को 45.70 करोड़ रुपये, रविवार को 58.20 करोड़ रुपये और सोमवार को फिल्म ने 38.40 करोड़ रुपये और मंगलवार को 26.80 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
फिल्म 'स्त्री 2' में श्रद्धा कपूर छलावे का किरदार निभा रही हैं। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी 'स्त्री 2' में श्रद्धा कपूर के पास सुपरनेचुरल पावर हैं, जिसको लेकर कहीं ना कहीं विक्की यानी राजकुमार राव को भी उस पर
शक होता है। लेकिन आखिर में खुद श्रद्धा बताती हैं कि वह 'स्त्री' की बेटी हैं और छलावा हैं। इसी के साथ वह राजकुमार राव के कान में अपना नाम भी बताती हैं।