फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या ‘मैंने प्यार किया,’ ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’, ‘विवाह’, ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी पारिवरिक म्यूजिकल हिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी अधिकतर फिल्मों में सलमान खान ने ‘प्रेम’ का किरदार अदा किया है। अब सूरज एक और फिल्म बनाने जा रहे हैं जिसमें ‘प्रेम’ के रूप में सलमान के बजाय आयुष्मान खुराना नजर आएंगे। सूरज ने एक हालिया इंटरव्यू में यह खुलासा करने के साथ ही उन्होंने अपनी फिल्म से जुड़ी कुछ खास जानकारी भी शेयर की और आयुष्मान की खूब तारीफ की। सूरज ने पीटीआई के साथ बातचीत में कहा कि हम इस फिल्म की शूटिंग मुंबई में कर रहे हैं और कहानी भी मुंबई पर बेस्ड है।
आयुष्मान एक मेहनती और शानदार अभिनेता हैं। असली बात यह है कि सही कहानी को सही तरीके से पेश करना और सही कलाकारों के साथ काम करना जरूरी होता है। मेरी फिल्मों में हमेशा कई कलाकार होते हैं, इस बार भी ऐसा ही है। हर फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले मुझे थोड़ी घबराहट होती है, यह एहसास मेरी पहली फिल्म ‘मैने प्यार किया’ से लेकर अब तक बना हुआ है। एक फिल्म निर्माता के रूप में मेरी टेंशन यह नहीं होती कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाएगी, बल्कि यह होती है कि मेरी कहानी या कोई सीन फैंस से जुड़ पाएगा या नहीं। मेरे लिए चाहे वह फिल्म हो या वेब सीरीज सबसे जरूरी बात यह है कि जो दुनिया मैं बनाता हूं वह असली लगे, नकली नहीं।
जो भी इसे देखे, उसे ऐसा महसूस होना चाहिए कि यह बिल्कुल मेरे घर जैसा है। यही मेरे लिए सबसे बड़ा जरूरी हिस्सा है। मैं केवल उन कहानियों को बताना चाहता हूं जिन्हें मैं खुद समझता हूं। भले ही अलग-अलग तरह की फिल्में बनाना जरूरी हो, लेकिन पारिवारिक फिल्में मेरे लिए खास अहमियत रखती हैं। इस फिल्म में आयुष्मान के साथ शरवरी वाघ नजर आएंगी।
सूरज ने सलमान के साथ फिर से काम करने को लेकर कहा कि हम दोनों एक कहानी पर काम कर रहे हैं। सलमान को जेहन में रखकर इसे लिखा जा रहा है। अब उनकी उम्र के हिसाब से स्क्रिप्ट प्लान करनी पड़ रही है, क्योंकि समय के साथ-साथ ‘प्रेम’ को मैच्योर लव स्टोरी में दिखाना पड़ेगा, जोकि थोड़ा चैलेंजिंग हो रहा है। लेकिन हम दोनों इस मामले पर चर्चा करते रहते हैं और सबकुछ ठीक रहा तो फैंस को ‘प्रेम’ के रूप में सलमान की वापसी जल्द दिखेगी।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में बहन शिल्पा शेट्टी के साथ पहुंची थीं शमिता शेट्टीहाल ही ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में रक्षाबंधन स्पेशल एपिसोड टेलीकास्ट हुआ। इसमें शिल्पा शेट्टी अपनी छोटी बहन शमिता शेट्टी और एक्ट्रेस हुमा कुरैशी अपने भाई एक्टर साकिब सलीम के साथ मेहमान बनकर पहुंचीं। शो में जमकर मस्ती हुई। इसी दौरान शमिता ने अपनी शादी के बारे में भी बात की। होस्ट कपिल शर्मा ने 46 साल की हो चुकीं शमिता से पूछा कि क्या अब भी उनके परिवार वाले शादी का दबाव डालते हैं? इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “नहीं, अब वो टाइम चला गया। मम्मी ने भी अब बोलना छोड़ दिया है।
इस पर शिल्पा ने हंसते हुए कहा, “हम तो इसे बोल-बोलकर थक गए हैं। डेटिंग ऐप्स यूज करने को कहते हैं, लेकिन ये सुनती ही नहीं।” बाद में शमिता ने सिंगल रहने की वजह बताते हुए कहा कि आज के दौर में सच्चा प्यार मिलना बहुत मुश्किल हो गया है। लगता है अब सच्चा प्यार होता ही नहीं है इसलिए मैं अब सिंगल रहना ही पसंद करती हूं।
हालांकि शिल्पा ने कहा कि वो अब भी शमिता के लिए लड़का ढूंढ़ रही हैं और चाहती हैं कि वो जल्द से जल्द शादी करके सैटल हो जाएं। बता दें कि शमिता का नाम एक्टर राकेश बापट से जुड़ा था। दोनों की मुलाकात ‘बिग बॉस ओटीटी’ में हुई थी। कुछ समय रिलेशनशिप में रहने के बाद उनका ब्रेकअप हो गया। शमिता को फिल्मों में शिल्पा जैसी सफलता नहीं मिली।