सोनम ने कहा, लंदन की आजादी मुझे पसंद है…यूजर्स ने सोशल मीडिया पर घेरा, ट्रोल कर साधा निशाना

अनिल कपूर की बेटी सोनम ने एक एक्ट्रेस होने के साथ-साथ फैशन आइकॉन के रूप में भी अलग पहचान बनाई है। इससे इतर सोनम अपने बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर ट्रोल हो जाती हैं। वे एक बार फिर यूजर्स के गुस्से का शिकार हो रही हैं। दरअसल, सोनम ने हाल ही में फैशन मैगजीन वोग को एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने अपनी लंदन लाइफ सहित कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। सोनम ने कहा कि लंदन की आजादी मुझे पसंद है। मैं अपना खाना खुद बनाती हूं। अपनी जगह खुद साफ करती हूं। मैं खुद अपना किराने का सामान खरीदती हूं। उल्लेखनीय है कि आनंद आहूजा से शादी के बाद सोनम ज्यादातर समय लंदन में ही रहती हैं।
ट्रोलर्स ने पूछा, भारत में इन चीजों की कोई आजादी नहीं है क्या?

सोनम का यह बयान कई लोगों को रास नहीं आया। ट्रोलर्स का कहना है कि भारत में इन सब चीजों की कोई आजादी नहीं है क्या? काम करने वाले आपके घर में जबरदस्ती घुस जाते हैं?

एक यूजर ने लिखा कि इसने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह बेवकूफ है। क्या सफाई करने वाले और नौकर इसके घर में जबरदस्ती घुसे थे? बोलने की आजादी है तो कुछ भी बोल दो। बॉलीवुड के विभीषण।

एक अन्य यूजर ने लिखा कि भारत में कोई आजादी नहीं है। सफाई करने वाले और बावर्ची जबरदस्ती आपके घर में घुस जाते हैं और आपको काम नहीं करने देते।

एक और यूजर ने लिखा कि मैं एक पिटीशन की शुरुआत कर रहा हूं जो जबरदस्ती घर में मदद करने वालों को आपकी आजादी छीनने से रोकेगी।
‘सांवरिया’ थी सोनम की पहली फिल्म, अब ‘ब्लाइंड’ में आएंगी नजर

सोनम जल्द ही अपनी आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'ब्लाइंड' में दिखेंगी। यह फिल्म साउथ कोरियन फिल्म की रीमेक है। इसे डायरेक्टर शोमे मखीजा बना रहे हैं। इसमें सोनम के साथ पूरब कोहली, लिलेट दुबे और विनय पाठक होंगे। सोनम ने करियर की शुरुआत फिल्म 'सांवरिया' से की थी। उन्हें आखिरी बार फिल्म 'द जोया फैक्टर' में देखा गया था। उन्होंने 'आई हेट लव स्टोरी', 'रांझणा', दिल्ली-6, नीरजा जैसी हिट फिल्मों में भी काम किया है। 'रांझणा' के लिए सोनम को फिल्मफेयर और जी सिने अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।