50 करोड़ के लिए ‘सन ऑफ सरदार 2’ के मेकर्स का आखिरी दांव, सिर्फ ₹99 रुपये में मिलेंगे टिकट

अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ रिलीज़ के बाद उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। 1 अगस्त को सिनेमाघरों में उतरी इस फिल्म से दर्शकों और निर्माताओं को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर इसका सफर फीका रहा। अगस्त के महीने में रिलीज़ हुई अन्य फिल्मों—जैसे ‘सैयारा’ और ‘महावतार नरसिम्हा’—के सामने यह फिल्म अपनी पकड़ बनाने में नाकाम रही, और अब आगामी हफ्तों में दो और बड़ी रिलीज़ के दबाव के बीच इसे बचाना निर्माताओं के लिए चुनौती बन गया है।

इसी स्थिति से निपटने के लिए मेकर्स ने दर्शकों को लुभाने का नया तरीका अपनाया है। उन्होंने मंगलवार को फिल्म के टिकट की कीमत घटाकर मात्र 99 रुपये कर दी है। इस ऑफर के तहत, दर्शक आज ‘सन ऑफ सरदार 2’ को बेहद कम दाम में बड़े पर्दे पर देख सकते हैं। हालांकि, यह छूट सिर्फ एक दिन के लिए लागू है और इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सिनेमाघरों तक खींचना है।
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों की बात करें तो फिल्म अब तक केवल 43 करोड़ रुपये की कमाई कर पाई है। 50 करोड़ के क्लब में भी शामिल न हो पाना फिल्म की सबसे बड़ी चिंता है, क्योंकि रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका निर्माण बजट लगभग 150 करोड़ रुपये है। इस तरह, लागत के मुकाबले आय बेहद कम होने से मेकर्स को भारी वित्तीय नुकसान उठाने का खतरा है।

‘सन ऑफ सरदार 2’ साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ का सीक्वल है। जहां पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल करने में कामयाब रहा था, वहीं दूसरा भाग दर्शकों का वही उत्साह दोहराने में नाकाम साबित हो रहा है। फिल्म में अजय देवगन के साथ मृणाल ठाकुर और कई अन्य सितारे नज़र आए हैं, लेकिन मजबूत स्टारकास्ट के बावजूद कहानी और मनोरंजन का असर दर्शकों पर खास नहीं पड़ा।

फिल्म जगत के जानकार मानते हैं कि यह टिकट प्राइसिंग स्ट्रैटेजी फिल्म के बॉक्स ऑफिस ग्राफ में थोड़ी जान डाल सकती है, लेकिन यह स्ट्रैटेजी उसे 50 करोड़ के क्लब में शामिल नहीं करवा सकती है। इसका कारण यह है कि दो दिन बाद गुरुवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों—वॉर 2 और कुली—का प्रदर्शन होने जा रहा है जिसके चलते सन ऑफ सरदार 2 के न सिर्फ शोज में कमी आएगी अपितु इसे गिनती लायक सिनेमाघरों में ही जारी रखा जाएगा। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि अजय देवगन अभिनीत सन ऑफ सरदार 2 पूरी तरह नुकसान का सौदा साबित हुई है।