गायिका एंजी स्टोन का 63 वर्ष की उम्र में सड़क हादसे में निधन

मनोरंजन जगत ने एक और प्रतिभाशाली सितारे को खो दिया है। मशहूर गायिका एंजी स्टोन का शुक्रवार को मोंटगोमरी, अलबामा में एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। उनकी असामयिक मृत्यु की पुष्टि उनकी बेटी डायमंड ने की। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, मेरी माँ अब नहीं रहीं।

इसके अलावा, दिग्गज प्रमोटर वैन सिल्क ने भी इस खबर को कन्फर्म किया। AllHipHop से बातचीत में उन्होंने कहा, मुझे उनकी टीम से कॉल आया कि एंजी का निधन हो गया है। पहले लगा कि यह उनकी किडनी डायलिसिस की वजह से हुआ होगा, लेकिन बाद में पता चला कि यह एक भयानक सड़क दुर्घटना थी। वे अलबामा में शो करने के बाद अटलांटा लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ।

कैसे हुआ हादसा?

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को एंजी स्टोन अपने बैंड के 9 अन्य सदस्यों के साथ एक शो खत्म कर वापस लौट रही थीं। वे स्प्रिंटर वैन में सफर कर रहे थे, तभी यह भीषण सड़क दुर्घटना हो गई।
संगीत जगत में एंजी स्टोन की उपलब्धियां

एंजी स्टोन का नाम हिप-हॉप तिकड़ी 'द सीक्वेंस' के सबसे पसंदीदा सदस्यों में शुमार था। यह पहली ऑल-फीमेल ग्रुप थी जिसे शुगर हिल रिकॉर्ड्स ने साइन किया था। 1979 से 1985 के बीच इस बैंड ने तीन एलबम रिलीज़ किए, जिसमें ‘Funk You Up’ जैसे कई हिट गाने शामिल थे। 1999 में, स्टोन ने अपना पहला सोलो एलबम 'ब्लैक डायमंड' रिलीज़ किया, जिसका नाम उन्होंने अपनी बेटी के नाम पर रखा था। बाद में, उन्होंने अभिनय में भी कदम रखा और ‘The Hot Chick’ (2002) और ‘Ride Along’ (2014) जैसी फिल्मों में काम किया।

निजी जीवन


1980 के दशक में एंजी स्टोन ने रॉडनी स्टोन से शादी की और 1984 में बेटी डायमंड का जन्म हुआ। हालांकि कुछ सालों बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद, 1990 के दशक में उनका संबंध प्रसिद्ध नियो-सोल गायक डी’एंजेलो से जुड़ा। दोनों का बेटा माइकल डी’एंजेलो आर्चर II, 1998 में जन्मा। एंजी स्टोन का इस तरह अचानक जाना संगीत प्रेमियों और उनके चाहने वालों के लिए एक गहरा आघात है। उनका संगीत और योगदान हमेशा याद किया जाएगा।