सिद्धू मूसेवाला की मां ने दिया बेटे को जन्म, पिता ने झलक दिखा लिखा प्यारा नोट, फैंस भी कर रहे भावनाओं का इजहार

पंजाब के मशहूर दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह न्यूज शेयर की है। बलकौर की 58 वर्षीय पत्नी चरण कौर ने बठिंडा के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है। बलकौर ने अपने बेटे की तस्वीर सिद्धू के फ्रेम के साथ बैठे हुए शेयर की है। उनके पास दो नर्स भी बैठी हैं।

बलकौर ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “शुभदीप को चाहने वाली लाखों-करोड़ों आत्माओं के आशीर्वाद से, अनंत भगवान ने शुभ के छोटे भाई को हमारी गोद में डाल दिया है। भगवान के आशीर्वाद से परिवार स्वस्थ है और मैं सभी शुभचिंतकों के अपार प्यार के लिए आभारी हूं।” यह तस्वीर देख सिद्धू को चाहने वाले भावुक हुए जा रहे हैं।

वे कमेंट्स कर अपनी भावनाओं का इजहार कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ये देखकर मेरी जान में जान आ गई है। दूसरे यूजर ने लिखा, “वाहेगुरु तेरा शुक्र है।” तीसरे यूजर ने लिखा, “स्वागत है भाई हमेशा याद रखना की तुम्हारा भाई म्यूजिक इंडस्ट्री का किंग था।” फैंस आज भी सिद्धू को काफी ज्यादा याद करते हैं। उल्लेखनीय है कि सिद्धू की मौत से फैंस को गहरा आघात पहुंचा था और वे आज तक सदमे में हैं।
सिद्धू की करीब दो साल पहले हो गई थी हत्या

पहले खबर थी कि सिद्धू की मां जुड़वा बच्चों को जन्म दे सकती हैं। बीते दिनों यह खबर आई थी कि IVF की मदद से उम्र के इस पड़ाव पर उन्होंने प्रेग्नेंसी प्लान की है। इकलौते चिराग सिद्धू के निधन के बाद उनके माता-पिता अकेले पड़ गए, जिसके बाद उनके पेरेंट्स ने IVF तकनीक से घर के वारिस की आस को पूरा किया। बता दें कि 28 साल के सिद्धू की 29 मई 2022 को मनसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मनसा सिविल अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हमलावरों ने उन पर 30 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें ड्राइवर की सीट पर गिरा हुआ पाया।