सितंबर 2024 में प्रदर्शित होगी सिद्धांत चतुर्वेदी स्टारर 'युधरा, किल जैसा जलवा बिखेरने में सफल होंगे राघव जुयाल

बीते माह बॉक्स ऑफिस पर एक छोटे बजट की एक्शन थ्रिलर फिल्म किल का प्रदर्शन हुआ था, जिसने अपने प्रदर्शन के साथ ही दर्शकों और बॉलीवुड को हैरान कर दिया था। नए सितारों को लेकर बनाई गई करण जौहर की इस फिल्म ने अपनी लागत से 3 गुना ज्यादा कमाई करके हिन्दी सिनेमा में एक्शन को नए सिरे से परिभाषित करने में सफलता प्राप्त की। इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी डांसर और शो होस्टर राघव जुयाल की थी। खलनायक के तौर राघव जुयाल ने इसमें जो काम किया उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है।

राघव जुयाल एक बार फिर से अपने खलनायक अंदाज में अब अभिनेता सिद्धान्त चतुर्वेदी से टकराने जा रहे हैं। आगामी 20 सितम्बर को उनके अभिनय से सजी फिल्म युधरा का प्रदर्शन सिनेमाघरों में होने जा रहा है। इस फिल्म का निर्देशन श्रीदेवी अभिनीत मॉम बनाने वाले निर्देशक रवि उदयवार ने किया है।

मॉम के बाद, निर्देशक रवि उदयवार ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर एक रोमांचक एक्शन थ्रिलर, युधरा बनाई है। यह फिल्म 20 सितंबर, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं ने एक बेहतरीन कलाकार दल बनाया है, जिसमें सिद्धांत चतुर्वेदी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में मालविका मोहनन भी मुख्य भूमिका में हैं। राघव जुयाल खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे। गौरतलब है कि मालविका मोहनन हाल ही में दक्षिण भारतीय पैन इंडिया के तौर पर प्रदर्शित हुई फिल्म थंगालान में अभिनेता चिनाय विक्रम के साथ नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके अभिनय की खासी तारीफ हुई है।

सिने गलियारों में बहती हवाओं ने बताया कि, एक्सेल और युधरा की टीम ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई सुनिश्चित करने के लिए सावधानीपूर्वक रिलीज की तारीख चुनी है। यह फिल्म एक्शन से भरपूर है, जिसे भारत और विदेश दोनों जगहों पर शूट किया गया है और निर्माता सिद्धांत चतुर्वेदी के बदलाव को बड़े पर्दे पर दिखाने के लिए उत्साहित हैं।
किल के बाद, राघव युधरा में प्रतिपक्षी की भूमिका निभाएंगे। यह सिद्धांत और राघव के बीच टकराव है जो दर्शकों को अपनी सीटों से बांधे रखने का वादा करता है। कलाकारों की टोली में गजराज राव और राम कपूर जैसे प्रतिभाशाली अभिनेता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

एक्सेल एंटरटेनमेंट के रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित और रवि उदयवार द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी और पटकथा फरहान अख्तर और श्रीधर राघवन ने लिखी है। इसकी घोषणा फरवरी 2021 में की गई थी।