2 News : सुशांत की हुई थी हत्या! बहन श्वेता ने इन कारणों से किया दावा, इस एक्ट्रेस ने साधा प्रियंका पर निशाना

प्रतिभावान अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का 14 जून 2020 को निधन हो गया था। उनके फैंस को गहरा सदमा पहुंचा। मीडिया में खूब हंगामा हुआ। मुंबई पुलिस, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों ने लंबी जांच की। सभी एजेंसियों ने निष्कर्ष निकाला कि सुशांत ने आत्महत्या की थी और इसमें कोई गड़बड़ी या साजिश नहीं थी। हालांकि सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति इन निष्कर्षों से बिल्कुल सहमत नहीं हैं। वह आज भी मानती हैं कि उनके भाई की हत्या हुई थी और आधिकारिक रिपोर्ट गलत है। श्वेता ने हाल ही में पत्रकार शुभंकर मिश्रा के साथ एक इंटरव्यू में इस बारे में खुलकर बात की। श्वेता ने कहा कि आत्महत्या कैसे हो सकती है?

जिस पंखे से लटकने की बात कही जाती है और जिस बिस्तर पर सुशांत सोते थे, उनके बीच इतनी भी दूरी नहीं थी कि कोई व्यक्ति अपने पैर लटका सके। वहां जगह ही नहीं थी कि कोई फंदा बना सके और खुद को लटका ले। अगर कोई व्यक्ति सच में आत्महत्या करना चाहता है, तो वह स्टूल, कुर्सी या कोई ऊंची चीज का इस्तेमाल करता है, वह उस पर चढ़ता है, रस्सी या दुपट्टा बांधता है और फिर कूदता है। लेकिन सुशांत के कमरे में कोई स्टूल, कुर्सी या ऐसा कुछ भी नहीं मिला जिसकी मदद से कोई ऊपर चढ़ सके। इसके अलावा सुशांत के गले पर जो निशान थे, वे दुपट्टे या कपड़े के नहीं लगते थे।

वह तो एक पतली चेन या धातु जैसी चीज का निशान था। कपड़े से ऐसा गहरा और पतला निशान नहीं बन सकता। सुशांत की मौत के ठीक बाद दो अलग-अलग साइकोलोजिस्ट ने मुझसे संपर्क किया। ये लोग बहुत गहरे ध्यान की अवस्था में जाकर भूत-भविष्य या छिपी हुई बातें देखने का दावा करते हैं। दोनों ने बिल्कुल एक जैसी बात बताई, जो मुझे बहुत हैरान करने वाली लगी। एक करीबी अमेरिकी दोस्त के जरिए वहां की एक महिला साइकोलोजिस्ट से संपर्क हुआ। उसने कहा कि सुशांत की हत्या हुई है। दो लोग उनके घर आए थे और उन्होंने यह काम किया। इसके कुछ समय बाद मुंबई से एक दूसरा साइकोलॉजिस्ट मेरे पास पहुंचा।

उसने भी कहा कि दो लोग आए थे और सुशांत का मर्डर करके चले गए। दो अलग-अलग देशों के दो अलग लोग, जिन्हें एक-दूसरे के बारे में कुछ नहीं पता, एक ही बात कैसे कह सकते हैं? दोनों ने कहा कि दो लोग थे यह कोइंसिडेन्स नहीं हो सकता। श्वेता ने एक और चौंकाने वाली बात बताई। उन्होंने कहा कि सुशांत की मौत से कुछ समय पहले उनकी बड़ी बहन को एक अज्ञात नंबर से फोन आया था और उसने बहुत डरावनी चेतावनी दी थी। उसने कहा था कि सुशांत पर काला जादू किया जा रहा है और मार्च के बाद वे जिंदा नहीं बचेंगे।

प्रियंका चोपड़ा के काम की कायल हैं श्वेता केसवानी लेकिन इस बात से असंतुष्ट

प्रियंका चोपड़ा की पहचान अब ग्लोबल एक्ट्रेस के रूप में हैं। सालों तक बॉलीवुड में अपना हुनर दिखाने के बाद अब वह हॉलीवुड में धूम मचा रही हैं। हालांकि हाल ही में ‘बा, बहू और बेबी’ फेम एक्ट्रेस श्वेता केसवानी ने प्रियंका पर निशाना साधा। उन्होंने प्रियंका के काम की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही साफ कर दिया कि वह हॉलीवुड में किसी और एशियन की मदद नहीं करती हैं और सिर्फ अपनी ही मदद करती हैं। श्वेता ने कहा कि मैं प्रियंका के काम की सराहना करती हूं और इसकी इज्जत करती हूं, लेकिन मुझे नहीं लगता है कि उनके हॉलीवुड जाने से अमेरिकी फिल्मों में साउथ एशिया का प्रतिनिधित्व बढ़ा है।

प्रियंका ने एशियाई लोगों को ऊपर उठाने के लिए कोई काम नहीं किया। मुझे लगता है कि प्रियंका ने जो कुछ भी हासिल किया है, वह अविश्वसनीय है, इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन वह मिंडी कैलिंग नहीं हैं। वह अन्य दक्षिण एशियाई लोगों की मदद नहीं कर रही हैं। वह केवल अपनी मदद कर रही हैं, यह बहुत ईमानदारी से कहूं तो वह केवल अपने बारे में ही सोचती हैं। मिंडी ने साउथ एशियाई लोगों को हॉलीवुड में मौके दिलाने के लिए जो काम किया है वाकई सराहनीय है।

कैलिंग जो कर रही हैं वह अद्भुत है क्योंकि वह वास्तव में लिख रही हैं, प्रोड्यूस कर रही हैं और अन्य दक्षिण एशियाई लोगों को इस बिजनेस में आगे बढ़ने में मदद कर रही हैं, जो एशियाई महिलाओं के लिए वैसे ही बहुत कठिन है। दक्षिण एशियाई समुदाय के भीतर भी ‘क्लिक्स’ हैं। मुझे लगता है कि हर जगह की तरह यहां भी क्लिक्स हैं तो कुछ लोग कुछ लोगों को पसंद करते हैं, कुछ लोगों को बुलाते हैं, और वे क्लिक्स बन जाते हैं। दुर्भाग्य से मैं किसी भी दक्षिण एशियाई क्लिक्स में नहीं हूं।