मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह इन दिनों एक बड़े कानूनी विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। हरियाणा पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में रिलीज हुए गाने को लेकर मामला दर्ज किया है और उन्हें जल्द से जल्द पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस भेजा गया है। साथ ही उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
बताया जा रहा है कि यह विवाद उनके हालिया गाने ‘टटीरी’ को लेकर शुरू हुआ है, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों और दृश्य दिखाए गए हैं। पुलिस ने इस वीडियो को यूट्यूब से हटवाने के साथ-साथ अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
गाने के लिरिक्स और दृश्य बने विवाद की वजहपुलिस के मुताबिक गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द और दृश्य समाज में गलत संदेश देने वाले माने जा रहे हैं। इस मामले में साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में एफआईआर दर्ज की गई है।
एफआईआर नंबर 28 (दिनांक 6 मार्च 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 और 4 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी नाबालिग लड़कियों को पढ़ाई से दूरी बनाते हुए और स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया है।
इसके अलावा गीत में “बादशाला” जैसे शब्दों के जरिए स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि गाने में महिलाओं और लड़कियों को लेकर कुछ अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया है, जो कानून के दायरे में आपत्तिजनक माना जा सकता है।
हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल के इस्तेमाल की जांचजांच के दौरान एक और पहलू सामने आया है। वीडियो में हरियाणा रोडवेज की एक बस दिखाई गई है, जो जींद डिपो की बताई जा रही है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो शूट के लिए इस बस का इस्तेमाल करने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं।
यदि जांच में यह सामने आता है कि बिना अनुमति सरकारी बस का उपयोग किया गया है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 120-B के तहत साजिश से जुड़ी धाराओं में भी कार्रवाई की जा सकती है।
इसी तरह वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर को भी दिखाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वहां शूटिंग के लिए प्रशासनिक अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल पाया गया, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जारी किया नोटिस, गिरफ्तारी की तैयारीपंचकूला पुलिस ने गायक बादशाह को नोटिस जारी कर उन्हें तुरंत पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग संभावित स्थानों पर जांच और दबिश दे रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अगर आरोपी विदेश जाने की कोशिश करता है तो उसे रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जांच पूरी होने तक वह देश से बाहर न जा सके।
यूट्यूब से हटाया गया विवादित गानापुलिस की कार्रवाई के बाद संबंधित गाने को यूट्यूब से हटवा दिया गया है। इसके अलावा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और म्यूजिक चैनलों को भी नोटिस भेजे गए हैं, ताकि विवादित कंटेंट का प्रसार रोका जा सके।
पंचकूला पुलिस के मुताबिक उनके प्रयासों के बाद आरोपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से इस गाने को टेकडाउन कर दिया गया है। साथ ही दूसरे यूट्यूब चैनलों, म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स और निजी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मौजूद इस गाने से जुड़ी रील्स और शॉर्ट वीडियो को हटाने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
आपत्तिजनक कंटेंट साझा करने वालों पर भी नजरपुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से जुड़े वीडियो या रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करता है और उसमें आपत्तिजनक सामग्री पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल इस पूरे प्रकरण ने मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर बड़ी बहस को जन्म दे दिया है।