2 News : प्लास्टिक सर्जरी की दुकान बताने पर ऐसा बोलीं श्रुति, अनिल कपूर ने वायु के बर्थडे पर यूं लुटाया प्यार

साउथ इंडियन स्टार कमल हासन और एक्ट्रेस सारिका की बेटी श्रुति हासन (39) ने भी अपने माता-पिता की जैसे एक्टिंग को करिअर बनाया। वह लंबे समय से एक्टिंग की दुनिया में एक्टिव हैं। साउथ के साथ उन्हें बॉलीवुड में भी काम करने का मौका मिला है। वह फिलहाल अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'कुली' की सफलता का आनंद ले रही हैं। इसमें रजनीकांत की अहम भूमिका है। हालांकि श्रुति को भी उनकी अदाकारी के लिए वाहवाही मिल रही है। 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ये फिल्म न केवल भारत, बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त कमाई कर रही है। अब तक फिल्म ने 400 करोड़ रुपए से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है।

श्रुति फिल्मों के साथ-साथ अपने बेबाक बयानों के लिए भी चर्चाओं में रहती हैं। श्रुति ने हाल ही में एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कॉस्मेटिक सर्जरी के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने उन ट्रॉल्स को मुंहतोड़ जवाब दिया, जो उन्हें प्लास्टिक सर्जरी की दुकान कहकर तंज कसते हैं। श्रुति ने कहा कि जब मैंने अपनी सर्जरी के बारे में खुलकर बात की, तो लोग कहने लगे-'ओह, ये तो प्लास्टिक सर्जरी की दुकान है।’ लेकिन मुझे पता है कि मैंने क्या और कितना करवाया है, और दूसरों ने क्या करवाया है।

ईमानदारी की यही कीमत चुकानी पड़ती है। ये मेरी निजी पसंद है और मैं कभी इसका प्रचार नहीं करती। मेरे फैसले पूरी तरह व्यक्तिगत हैं और उनका उद्देश्य किसी और को प्रभावित करना नहीं है। चाहे वो प्यार हो, जिंदगी हो या काम, अगर आप सच बोलते हैं या सच्चाई सामने रखते हैं, तो हमेशा आप पर उंगलियां उठेंगी। लेकिन इसकी एक बहुत अच्छी कीमत भी होती है।
अनिल कपूर ने नाती वायु की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखी यह पोस्ट

एक्टर अनिल कपूर ने अपने नाती वायु के तीसरे बर्थडे पर सोशल मीडिया के माध्यम से नाती पर जमकर प्यार लुटाया है। अनिल ने इंस्टाग्राम पर कुछ खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट की, जिसमें वायु के साथ बिताए गए अनमोल पलों की झलक है। पहली फोटो में वायु ने एक कैप पहन रखी है, जिससे उसका चेहरा थोड़ा छिप गया है। दूसरी फोटो ब्लैक एंड व्हाइट है, जिसमें वायु अपनी मां सोनम कपूर की गोद में हैं और उसका चेहरा नाना की तरफ है। अनिल, वायु को देखकर मुस्कुरा रहे हैं।

तीसरी तस्वीर विदेश की किसी खूबसूरत जगह की है, जहां सोनम और उनके पति आनंद आहूजा वायु को देख रहे हैं। बाकी की तस्वीरों में वायु अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ हैं। अनिल ने कैप्शन में लिखा, “हैप्पी बर्थडे, वायु! जिस पल तुम हमारे जीवन में आए, तुमने हर दिल को खुशी और प्यार से भर दिया। सोनम, आनंद, नानी, दादी, दादा, रिया मासी, करण और अक्की...तुम्हें सबको वायु के चारों ओर एकजुट होते देखना मुझे गर्व से भर देता है। वायु सच में बहुत भाग्यशाली है कि उसे इतने प्यार करने वाले माता-पिता और परिवार का साथ मिला है।

जिस तरह से आप सब उसका ख्याल रखते हो, वह इस बात की खूबसूरत याद दिलाता है कि जीवन में वास्तव में क्या मायने रखता है। आने वाले कई साल ऐसे ही प्यार, हंसी और अनमोल यादों के लिए रहें। आप सभी को ढेर सारा प्यार!” बता दें कि सोनम और आनंद ने 20 अगस्त 2022 को वायु का स्वागत किया था।