अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ एक मुसीबत में फंस गए हैं। उत्तर प्रदेश के बागपत में 500 से ज्यादा लोगों से 5 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में इन दोनों अभिनेताओं सहित 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह ठगी 'द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी' ने की है। कंपनी ने लोगों से निवेश कराकर 5 साल में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। एक साल से इनवेस्टर्स को उनका पैसा नहीं मिल रहा था, जिसके बाद एजेंटों ने बागपत कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। श्रेयस और आलोक नाथ इस सोसाइटी के ब्रांड एंबेसडर थे और कंपनी का प्रचार करते थे। उन्हें भी आरोपी बनाया गया है।
मीतली गांव निवासी बबली ने बताया कि बिजरौल गांव का एक युवक उनके गांव आता-जाता था। वह स्वयं सहायता समूह और सोसाइटी से जुड़ा था। उसने सोसाइटी को भारत सरकार के कृषि और सहकारी मंत्रालय में पंजीकृत बताया था। कंपनी के पदाधिकारियों से बातचीत के बाद बबली ने बागपत के केंद्र से समालखा, हरियाणा की ब्रांच में 1.90 लाख रुपए की एफडी कराई। इसके बाद लुहारी गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शर्मिला और सूरज सहित अन्य लोगों के पैसे भी निवेश कराए गए। आरोप है कि 27 नवंबर 2024 को कंपनी ने लेन-देन का सॉफ्टवेयर बंद कर दिया।
समालखा स्थित कार्यालय में अधिकारियों से बात करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। एजेंटों ने बताया कि कंपनी ने जिलेभर में 25 से अधिक एजेंट बनाकर 500 से ज्यादा लोगों से 5 करोड़ रुपए से अधिक राशि का निवेश कराया था। ठगी का मामला सामने आने के बाद बागपत कोतवाली पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रेयस जल्द ही फिल्म 'सिंगल सलमा' में हुमा कुरैशी और सनी सिंह के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म 31 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जहां तक आलोक नाथ की बात है तो वे लंबे समय से पर्दे से दूर हैं। उनका नाम ‘मीटू मूवमेंट’ में भी आया था।
अमिताभ ने जयपुर पिंक पैंथर्स के सहायक प्रबंधक वेदांत देवाडिगा को दी श्रद्धांजलिसदी के महानायक अमिताभ बच्चन हमेशा ही खबरों में रहते हैं। अब उन्होंने अपने बेटे अभिनेता अभिषेक बच्चन की कबड्डी टीम जयपुर पिंक पैंथर्स की स्पोर्ट्समैन स्पिरिट को सलाम करने के साथ टीम के युवा सहायक प्रबंधक वेदांत देवाडिगा को श्रद्धांजलि दी है। अमिताभ ने इंस्टाग्राम पर टीम का हौसला बढ़ाते हुए पोस्ट शेयर की है। अमिताभ ने सोशल मीडिया पर टीम की खेल भावना की तारीफ की। खिलाड़ियों ने माथे पर वेदांत के नाम का बैंड पहना है और मैदान में खेल रहे हैं।
अमिताभ ने कैप्शन में लिखा, “टीम जेपीपी, हमने अपने सहायक मैनेजर को अचानक दुखद निधन में खो दिया। हमने टीम को विकल्प दिया था कि वे न खेलें और दिवंगत के सम्मान में वॉकओवर दें, लेकिन टीम ने उनके सम्मान में खेला। उनकी याद में उनके नाम का हेडबैंड पहना। इंसान मरते हैं, स्पोर्ट्समैनशिप नहीं।” दरअसल गुरुवार (23 अक्टूबर) को पटना पाइरेट्स के खिलाफ जयपुर पिंक पैंथर्स का मैच हुआ था। पटना ने जयपुर को हरा दिया, लेकिन टीम ने पूरी मेहनत की और ये मैच वेदांत को समर्पित कर दिया। बता दें कि 21 अक्टूबर को वेदांत का निधन हो गया था।
बताया गया कि वेदांत का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ था। टीम ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए निधन की जानकारी दी थी। टीम ने लिखा था, “जयपुर पिंक पैंथर्स परिवार हमारे सहायक प्रबंधक, वेदांत देवाडिगा के असामयिक निधन से अत्यंत दुखी है। वे हमारे परिवार के प्रिय सदस्य थे, उनके जुनून और समर्पण की हमें बहुत याद आएगी।”