श्रद्धा ने पिता शक्ति कपूर को मजेदार अंदाज में किया बर्थडे विश, सिंपल लुक में भी कैटरीना ने ढाया कहर

अब तक फिल्मों में विविध रोल निभा चुके एक्टर शक्ति कपूर रविवार (3 सितंबर) को अपना 71वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनके फैंस और साथी कलाकार उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ने पिता को स्पेशल स्टाइल में बर्थडे विश किया है। श्रद्धा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उनके साथ शक्ति भी दिख रहे हैं। बाप-बेटी दोनों मस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं।

वीडियो पोस्ट करते हुए श्रद्धा ने कैप्शन में लिखा, “मेरे इकलौते, मेरे अल्टीमेट रॉकस्टार को हैप्पी बर्थडे।” वीडियो में पिता-पुत्री को व्हाइट ट्विनिंग के साथ देखा जा सकता है। शक्ति ने जहां व्हाइट कुर्ता पहन रखा है, वहीं श्रद्धा को व्हाइट टी-शर्ट में देखा जा सकता है। दोनों चश्मे में काफी अच्छे लग रहे हैं। बैकग्राउंड में शक्ति के डायलॉग को सुना जा सकता है।

वीडियो की शुरुआत दोनों के सीरियस फेस एक्सप्रेशन से होती है। इसके बाद दोनों का क्लोजअप शॉर्ट होता है, जिसके आखिरी में दोनों को खिलखिलाते हुए देखा जा सकता है। अब ये वीडियो वायरल हो रहा है। कई सितारे भी इस पर रिएक्शन दे रहे हैं। ऋतिक के पिता और फिल्म डायरेक्टर राकेश रोशन ने लिखा, “शक्ति बर्थडे की शुभकामनाएं। खुशियां और ढेर सारी शक्ति मिले। एक्टर नील नितिन मुकेश ने भी मुबारकबाद दी है।

गौरतलब है कि श्रद्धा पहले भी अपने पिता संग ऐसे कई फोटो-वीडियो शेयर कर चुकी हैं। शक्ति ने साल 1975 में रिलीज हुई फिल्म ‘दो जासूस’ से करिअर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने मुख्य रूप से विलेन की भूमिका निभाई। हालांकि बाद में वे कॉमेडियन के रूप में भी खूब हिट रहे।

विक्की कौशल ने यूं की कैटरीना कैफ की तारीफ, श्रद्धा कपूर ने भी किया कमेंट

एक्ट्रेस कैटरीना कैफ फैंस के बीच काफी मशहूर हैं। कैटरीना अपने चाहने वालों के साथ सोशल मीडिया पर जुड़ी रहती हैं। वह खुद के बारे में अपडेट्स देती हैं। कैटरीना अक्सर अपनी खूबसूरत तस्वीरें भी शेयर करती हैं। अब कैटरीना ने एक बार फिर लेटेस्ट फोटो शेयर कर फैंस को खुश होने का मौका दिया है। कैटरीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से तस्वीरें शेयर की हैं।

दोनों फोटो में कैटरीना का संस्कारी लुक देखने को मिल रहा है। उन्होंने इंडियन अवतार अपनाकर एक बार फिर अपने लुक से फैंस के दिलों को घायल कर दिया है। कैटरीना पर लाइट पिंक कलर का सूट खूब जंच रहा है। कानों में झुमके, माथे पर बिंदी उनके लुक में चार चांद लगा रहे हैं। इन्हें शेयर करते हुए कैटरीना ने लिखा, कल का दिन।” उनके पति एक्टर विक्की कौशल खुद को कमेंट करने से रोक नहीं पाए।

उन्होंने कैटरीना की फोटो पर 'मेल्ट होने वाला और दिल वाला इमोजी' शेयर किया है। एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ने कमेंट किया, ब्यूटी! आपको बता दें कि रविवार को कैटरीना एक स्टोर लॉन्च के लिए कोलकाता में थीं। कैटरीना ने हाल ही में सलमान खान के साथ ‘टाइगर 3’ के नए पोस्टर से सुर्खियां बटोरीं। फिल्म का आधिकारिक टीजर शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ में जोड़ा जाएगा जो 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।