बिग बॉस फेम और मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर हाल ही में एक सड़क हादसे का शिकार हो गईं। मुंबई में उनकी कार को एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, हादसे के बाद शिल्पा ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि बस कंपनी ने घटना की जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया, जिससे वह बेहद आहत हैं। साथ ही, उन्होंने मुंबई पुलिस का सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इंस्टाग्राम पर जताई नाराज़गीशिल्पा ने सोशल मीडिया पर अपनी कार की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें स्पष्ट दिख रहा है कि वाहन को बस ने पीछे से टक्कर मारी है। पोस्ट में उन्होंने लिखा – एक सिटीफ्लो बस ने मेरी कार को टक्कर मारी और मुंबई ऑफिस के योगेश कदम और श्री विलास मनकोटे मुझे कह रहे हैं कि यह उनकी कंपनी की जिम्मेदारी नहीं है। यह केवल ड्राइवर की जिम्मेदारी है। आखिर इतना गैर-जिम्मेदार रवैया कैसे हो सकता है? एक ड्राइवर कितनी कमाई करता होगा, क्या वह इतने बड़े नुकसान की भरपाई कर सकता है?
मुंबई पुलिस को धन्यवाद, लेकिन...अपने नोट में शिल्पा ने आगे लिखा – मुंबई पुलिस का धन्यवाद, जिन्होंने मेरी शिकायत दर्ज की। लेकिन कंपनी इस मामले में कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं थी। शुक्र है कि मेरा सामान और मैं दोनों सुरक्षित हैं, वरना यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
शिल्पा का फिल्मी और टीवी सफरशिल्पा शिरोडकर ने अपने करियर की शुरुआत रमेश सिप्पी की फिल्म भ्रष्टाचार से की थी, जिसमें उनके साथ मिथुन चक्रवर्ती और रेखा नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने खुदा गवाह, आंखें, पहचान, गोपी किशन और बेवफा सनम जैसी हिट फिल्मों में काम किया। साल 2000 में वह गजगामिनी में दिखाई दीं।
2013 के बाद उन्होंने टीवी का रुख किया और कई पॉपुलर सीरियल्स में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया। हाल ही में 2024 में वह बिग बॉस 18 का हिस्सा बनीं और दर्शकों के बीच फिर से चर्चा में आ गईं।
पहला वेब प्रोजेक्ट – “शंकर”अब शिल्पा अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रही हैं। उनका पहला वेब प्रोजेक्ट शंकर आदि शंकराचार्य की बायोपिक पर आधारित है, जिसमें वह आदि शंकराचार्य की मां की भूमिका निभाएंगी।