
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली इस समय एक बड़ी मुश्किल में फंस गई हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ऐसा पोस्ट किया, जिससे विवाद खड़ा हो गया और परिणामस्वरूप पुलिस ने उन्हें गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पूरी दुनिया में भारत की तारीफ हो रही है और हर ओर भारत के साहसिक कदम की सराहना की जा रही है। मगर इस बीच कुछ ऐसे भी बयान सामने आए जिन्होंने केवल नफरत और विवाद को जन्म दिया। ऐसा ही एक बयान शर्मिष्ठा पनोली द्वारा दिया गया था।
कोलकाता पुलिस ने पुणे की लॉ की छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
वीडियो में दी थी विवादित टिप्पणीकोलकाता पुलिस के अनुसार, शर्मिष्ठा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें एक विशेष धार्मिक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। यह वीडियो ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बनाया गया था, जिसमें उनके द्वारा की गई टिप्पणी में एक विशेष धर्म को निशाना बनाया गया था। हालाँकि, अब वह वीडियो डिलीट कर दिया गया है, लेकिन तब तक वह सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। वायरल होने के बाद इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर काफी विवाद खड़ा कर दिया। कोलकाता में इस वीडियो के खिलाफ एक शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें अरेस्ट किया।
बॉलीवुड सितारों पर भी साधा था निशानामीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शर्मिष्ठा ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद से उन्हें सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें रेप थ्रेट्स तक मिल रही थीं। इसके बाद शर्मिष्ठा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने वीडियो के लिए माफी मांगी और उसे डिलीट भी कर दिया। हालांकि, मामला यहीं नहीं थमा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अपने वायरल वीडियो में शर्मिष्ठा ने कुछ बॉलीवुड सेलेब्रिटीज को भी निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा था कि ये सितारे अपनी फिल्मों में देशभक्ति की बातें करते हैं, लेकिन जब देश को सच में उनकी ज़रूरत होती है, तब ये लोग गायब हो जाते हैं।