2 News : ‘पठान’ व ‘जवान’ के बाद ‘डंकी’ के लिए भी वैष्णो देवी पहुंचे शाहरुख, कंगना ने MP के नए CM के लिए जताई खुशी

शाहरुख खान ने साल 2023 में एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें बॉलीवुड का बादशाह क्यों कहा जाता है। शाहरुख ने साल की शुरुआत में ‘पठान’ के साथ धमाका किया। इसके बाद सितंबर में नंबर आया ‘जवान’ का, जिसका बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त तूफान देखने को मिला। अब वो ‘डंकी’ के साथ सुपरहिट फिल्मों की हैट्रिक लगाने की तैयारी कर रहे हैं। शाहरुख और उनके फैंस दोनों को इससे काफी उम्मीदें हैं।

इसके डायरेक्टर राजकुमार हिरानी भी किसी से कम नहीं हैं। उनके खाते में ‘थ्री इडियट्स’, ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’, ‘पीके’, ‘संजू’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में हैं। बहरहाल शाहरुख ‘डंकी’ की रिलीज से पहले वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे हैं। आज मंगलवार (11 दिसंबर) सुबह शाहरुख को माता के दरबार में देखा गया। उन्होंने 'डंकी' की सफलता के लिए कामना की। बता दें कि शाहरुख इस साल तीसरी बार माता के दरबार में पहुंचे हैं।

उन्होंने जनवरी में 'पठान' और सितंबर में 'जवान' की रिलीज से पहले भी माता के दर्शन किए थे। शाहरुख आज वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों और कुछ पुलिसकर्मियों के साथ नजर आए। शाहरुख ने इस दौरान चेहरा ढका हुआ था। बता दें कि ‘डंकी’ 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसमें शाहरुख के साथ तापसी पन्नू, विक्की कौशल व बोमन ईरानी जैसे सितारे भी हैं।

कंगना रनौत कई मौकों पर कर चुकी हैं PM नरेंद्र मोदी की तारीफ

एक्ट्रेस कंगना रनौत हमेशा किसी न किसी कारण से सुर्खियों में बनी रहती हैं। उनका बेबाक अंदाज उन्हें लाइमलाइट में रखता है। कंगना का फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों से पंगा हो चुका है। इसके अलावा वह केंद्र सरकार के कई फैसलों पर टिप्पणी करती हैं। ऐसे में लगता है कि वह जल्द राजनीति में कदम रख सकती हैं।

अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाती नजर आएंगी। कंगना कई दफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों की सराहना कर चुकी हैं। इस बीच उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर फिर से दिखा दिया है कि वह भाजपा को कितना पसंद करती हैं। सोमवार (11 दिसंबर) को मोहन यादव को मध्यप्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुना गया।

इसके बाद कंगना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से भारतीय जनता पार्टी की सोशल मीडिया पोस्ट को शेयर किया है। इसमें यादव को बधाई दी गई है। ये पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। वैसे कंगना के लिए बॉलीवुड में यह साल अच्छा नहीं रहा। कंगना की दोनों फिल्में ‘चंद्रमुखी 2’ और ‘तेजस’ फ्लॉप हो गई। अब उन्हें अगले साल रिलीज होने वाली इमरजेंसी से काफी उम्मीदें हैं।