काजोल, इब्राहिम अली खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म ‘सरजमीं’ का ट्रेलर आज शुक्रवार (4 जुलाई) को रिलीज कर दिया गया। धर्मा प्रोडक्शंस और स्टार स्टूडियोज द्वारा समर्थित यह फिल्म देशभक्ति, पारिवारिक रिश्तों और भावनात्मक उलझनों से भरी हुई है। फिल्म का डायरेक्शन एक्टर बोमन ईरानी के बेटे कायोज ईरानी ने किया है। फिल्म की कहानी जम्मू और कश्मीर की वादियों में बुनी गई है, जहां एक परिवार देश के प्रति अपने कर्तव्य और आपसी प्रेम के बीच फंसा हुआ दिखता है।
पृथ्वीराज एक सख्त और ईमानदार आर्मी ऑफिसर के रोल में हैं, जबकि इब्राहिम उनके बेटे के रूप में नजर आएंगे जो परिस्थितियों के चलते उग्रवादियों से जुड़ जाता है। काजोल एक पत्नी और मां के रूप में भावनात्मक संघर्ष से गुजरती दिखेंगी। एक ओर उनका पति देश की रक्षा कर रहा है, तो दूसरी ओर बेटा विरोध की राह पर चल पड़ा है। ट्रेलर की शुरुआत इब्राहिम से होती है, जो सेना की वर्दी पहने और हाथ में रिवॉल्वर लिए बर्फ पर चल रहे हैं। अचानक वो थककर बैठ जाते हैं। इसके साथ ही एक वॉइस ओवर चल रहा है जिसमें कहा जाता है ‘तुम्हें पता है कुछ घाव ऐसे होते हैं, जो तब तक नहीं मिटते हैं, जब तक उनकी याद नहीं मिट जाती है।’
फिल्म 25 जुलाई को सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज की जाएगी। यह इब्राहिम की दूसरी फिल्म है। इससे पहले वे इसी साल ‘नादानियां’ मूवी में खुशी कपूर के साथ नजर आए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। काजोल की बात करें तो उनकी हॉरर मूवी ‘मां’ हाल ही 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें भी काजोल ने एक मां की भूमिका निभाई है। फिल्म और काजोल की एक्टिंग लोगों को पसंद आ रही है। यह बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कमाई कर रही है। पृथ्वीराज पिछले साल अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में विलेन के रूप में दिखे थे।
‘धड़क 2’ में पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहे हैं सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरीसिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी की फिल्म 'धड़क 2' को लेकर फैंस में काफी क्रेज है। वे इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह पहला मौका होगा जब सिद्धांत और तृप्ति पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। 'धड़क 2' के डायरेक्टर शाजिया इकबाल हैं, जबकि प्रोड्यूसर करण जौहर हैं। अब इसके ट्रेलर से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आई है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार 'धड़क 2' का ट्रेलर 11 जुलाई को रिलीज किया जाएगा, जिसके लिए निर्माता मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में तृप्ति, सिद्धांत, करण और शाजिया शामिल होंगे। बता दें कि अजय देवगन और मृणाल ठाकुर की फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' का ट्रेलर भी 11 जुलाई को ही मुंबई में एक कार्यक्रम में रिलीज किया जाएगा। 'धड़क 2' सिनेमाघरों में 1 अगस्त को दस्तक देगी। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर 'अंदाज' के सीक्वल 'अंदाज 2' से होगी। पहले यह फिल्म पिछले साल 22 नवंबर को रिलीज होने वाली थी, जिसे बाद में इस साल होली तक के लिए टाल दिया गया। हालांकि फरवरी में खबर आई कि फिल्म को CBFC से कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है।
मई में CBFC ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट और कुछ जरूरी कट्स के साथ पास कर दिया। 'धड़क 2' साल 2018 में आई फिल्म 'धड़क' का सीक्वल है। यह जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर की पहली फिल्म थी। इसका बजट 30 करोड़ रुपए था और इसने दुनियाभर में 113 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।