दिग्गज फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली फैंस के बीच काफी मशहूर हैं। उन्होंने अब तक के करिअर में ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘देवदास’, ‘ब्लैक’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’, ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ सहित कई लोकप्रिय और सुपरहिट फिल्मों का डायरेक्शन किया है। साल 2024 में भंसाली ने पहली बार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना हुनर दिखाया। उनकी कई बड़े सितारों से सजी वेब सीरीज ‘हीरामंडी : द डायमंड मार्केट’ ने खूब वाहवाही बटोरी। भंसाली इन दिनों अपनी आगामी मूवी ‘लव एंड वॉर’ को लेकर चर्चाओं में हैं। इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल की अहम भूमिकाएं हैं।
इस बीच भव्य सेट्स और ऐतिहासिक कहानियों के लिए मशहूर भंसाली एक बार फिर राजस्थान लौट आए हैं। आठ साल पहले उनकी फिल्म ‘पद्मावत’ की शूटिंग के दौरान करणी सेना के विरोध और विवाद से बड़ा बवाल हो गया था। बता दें साल 2017 में जब भंसाली 'पद्मावत' की शूटिंग जयपुर के जयगढ़ किले में कर रहे थे, तब करणी सेना के सदस्यों ने फिल्म के सेट पर हमला कर दिया था। उनका आरोप था कि फिल्म में रानी पद्मावती के इतिहास को गलत तरीके से दिखाया गया था। इस घटना में भंसाली को थप्पड़ मारा गया था और सेट पर तोड़फोड़ की गई थी, जिसके कारण शूटिंग रद्द कर दी गई और भंसाली मुंबई लौट गए थे।
अब भंसाली राजस्थान में ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग कर रहे हैं। रणबीर और विक्की फिलहाल बीकानेर के एयर फोर्स स्टेशन पर शूटिंग में बिजी हैं। यहां युद्ध के बड़े सीन और भावनात्मक सीक्वेंस फिल्माए जा रहे हैं। आलिया भी जल्द इस शेड्यूल से जुड़ेंगी। इस बार भी सेट्स बेहद भव्य हैं और कहानी भावनाओं, रोमांस और युद्ध के संगम पर आधारित है। बता दें फिल्म की शूटिंग राजस्थान के अलावा और दूसरी जगहों पर भी हो चुकी है या होनी है। मध्य प्रदेश के महू में ब्रिटिशकालीन आर्मी कैंप को सेट के रूप में चुना गया है। मुंबई में शूटिंग का बड़ा हिस्सा हो चुका है। अक्टूबर में इटली और अन्य यूरोपीय लोकेशन पर रोमांटिक सीन की शूटिंग होगी। बता दें नवंबर 2024 से शूटिंग शुरू हुई थी और अब तक करीब 50% काम पूरा हो चुका है। मेकर्स इसे अगले साल रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
प्रभास स्टारर मूवी ‘द राजा साब’ इस साल 5 भाषाओं में होगी रिलीज‘बाहुबली’ फेम साउथ इंडियन स्टार प्रभास की आने वाली फिल्म ‘द राजा साब’ इन दिनों लाइमलाइट में है। हाल ही में खबरें आई थीं कि फिल्म से जुड़े प्रोडक्शन हाउस पर कर्मचारियों की सैलरी रोकने और निर्माण संबंधी नियमों का पालन न करने के आरोप लगे हैं। अब मेकर्स ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए आधिकारिक बयान जारी किया है। प्रोडक्शन हाउस पीपल मीडिया फैक्ट्री ने अपने एक्स (ट्विटर) पर सफाई देते हुए कहा कि पिछले 12 महीनों में कर्मचारियों को करीब 60 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
हालांकि जुलाई के लगभग 1 करोड़ रुपए का भुगतान अभी बाकी है। यह एक आंतरिक मामला था, जिसे सार्वजनिक रूप से उठाना सही नहीं था। कर्मचारियों की अनुपलब्धता और अचानक की गई हड़ताल के कारण शूटिंग का अगला शेड्यूल समय पर शुरू नहीं हो सका। यही वजह है कि पेमेंट में देरी हुई। हालांकि उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए अब नीति में बदलाव किया गया है और इस हफ्ते सभी लंबित भुगतान पूरे कर दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है ‘द राजा साब’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है। इसमें प्रभास के साथ मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार और संजय दत्त जैसे सितारे हैं। फिल्म के डायरेक्टर मारुति हैं। फिल्म को 5 भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। यह 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।