2 News : संजय-मौनी की फिल्म ‘भूतनी’ का टीजर आया सामने, इस समय रिलीज हो सकती है तृप्ति-सिद्धांत की ‘धड़क 2’

संजय दत्त करीब 4 दशक से बॉलीवुड में छाए हुए हैं। फैंस उन पर बेशुमार प्यार लुटाते हैं। संजय ने जिंदगी में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ हमेशा सुर्खियों में रहती है। इस बीच आज बुधवार (26 फरवरी) को महाशिवरात्रि के मौके पर उनकी फिल्म ‘द भूतनी’ का टीजर रिलीज हो गया है। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया। फिल्म में संजय के साथ मौनी रॉय, पलक तिवारी और सनी सिंह अहम किरदार में दिखेंगे। यह एक लव स्टोरी है, जिसमें मौनी एक भूतनी के किरदार में नजर आएंगी।

टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं और सिनेमाघरों में इसका मजा लेने को बेकरार हैं। संजय ने पोस्ट शेयर करके फिल्म की जानकारी दी है। संजय ने लिखा, “इस गुड फ्राइडे, डर को एक नई तारीख मिल गई है-FridayThe18th! पहले कभी न देखी गई हॉरर, एक्शन और कॉमेडी के लिए तैयार हो जाइए! #भूतनी मचाएगी तांडव 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में!” वीडियो में संजय ‘भूतनी’ से लड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इस फिल्म को ‘संजू बाबा’ ने ही प्रोड्यूस किया है।

इसके डायरेक्टर सिद्धांत सचदेव हैं। संजय के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनके पास कई प्रोजेक्ट्स हैं। वे जल्द ही ‘बागी 4’ में नजर आएंगे। फिल्म से संजय का लुक सामने आ चुका है और फिल्म सितंबर में रिलीज होगी। इसके अलावा संजय ‘हाउसफुल 5’ में भी हैं। पिछली बार संजय फिल्म 'डबल आईस्मार्ट' में नजर आए थे, जिसमें उनकी अदाकारी की खूब तारीफ हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह औंधे मुंह गिरी। संजय काफी भावुक प्रवृत्ति के इंसान हैं। वे अक्सर सोशल मीडिया पर अपने दिवंगत माता-पिता नरगिस व सुनील दत्त को याद करते हैं।
CBFC ने अभी नहीं दिया है ‘धड़क 2’ फिल्म को सर्टिफिकेट

तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म ‘धड़क 2’ को पिछले साल नवंबर में रिलीज किया जाना था, जिसे आगे बढ़ा दिया गया। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को अभी तक सर्टिफिकेट नहीं दिया है। अब खबर सामने आई है कि फिल्म अगले महीने मार्च में रिलीज हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो फिल्म की टक्कर जॉन अब्राहम की 'द डिप्लोमैट' से होगी। CBFC ने अभी फिल्म को सर्टिफिकेट नहीं दिया है और फिल्म के कुछ सीन को लेकर आपत्ति जताई जा रही है।

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म में कुछ जातिगत शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। ‘धड़क 2’ में जाति संबंधी मुद्दे को उठाया गया है जिस पर सेंसर बोर्ड अभी बातचीत कर रहा है। मेकर्स फिल्म को होली पर रिलीज करने का प्लान बना रहे हैं। सेंसर बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद ही इसके प्रमोशन पर काम किया जाएगा।

‘धड़क 2’ धर्मा प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी है। यह फिल्म साल 2018 में आई फिल्म का रीमेक है। ‘धड़क 2’ की कहानी एक ऐसे प्रेमी जोड़े की है जिनकी जाति अलग है और उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो जाता है। फैंस को पहली बार तृप्ति-सिद्धांत की नई जोड़ी देखने को मिलेगी।