टीवी अभिनेत्री संचिता उगले की असमय मौत ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज 22 वर्ष की उम्र में उनके निधन की खबर ने प्रशंसकों से लेकर कलाकारों तक सभी को झकझोर दिया है। अब अभिनेता और सांसद रवि किशन ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि आज के समय में मानसिक तनाव और आत्महत्या जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे निपटने के लिए लोगों को आध्यात्म, ध्यान और मानसिक मजबूती की ओर ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने आत्महत्या को लेकर अपने आध्यात्मिक विचार भी साझा किए।
रवि किशन ने बताया ध्यान और आध्यात्म का महत्व
संचिता उगले ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच फिलहाल पुलिस कर रही है। जैसे-जैसे लोगों को इस घटना की जानकारी मिल रही है, वे शोक व्यक्त कर रहे हैं। इसी दौरान पीटीआई से बातचीत करते हुए रवि किशन ने भी इस मामले पर अपनी संवेदना प्रकट की।
उन्होंने कहा, “आजकल बहुत कम उम्र के बच्चे भी आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं। हाल ही में हमारी टेलीविजन इंडस्ट्री की एक युवा कलाकार, जो केवल 22 साल की थी, उसने अपनी जान दे दी। यह बेहद दुखद और चिंताजनक है। यही कारण है कि जीवन में मेडिटेशन, आध्यात्म और पूजा-पाठ का महत्व बढ़ जाता है। ये चीजें व्यक्ति को मानसिक शक्ति देती हैं। जीवन में सुख और दुख दोनों आते हैं और आते रहेंगे। ऐसा कोई इंसान नहीं है जिसकी जिंदगी में परेशानी या चिंता न हो, लेकिन हर हाल में जीवन को आगे बढ़ाना जरूरी है।”
आत्महत्या को बताया बड़ा पापरवि किशन ने बातचीत के दौरान आत्महत्या के आध्यात्मिक पहलू पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि उनकी मान्यता के अनुसार आत्महत्या करना एक बहुत बड़ा पाप माना जाता है।
उन्होंने कहा, “मेरी समझ और आध्यात्मिक मान्यताओं के अनुसार आत्महत्या करने से आत्मा को शांति या मोक्ष प्राप्त नहीं होता। जो व्यक्ति निर्धारित समय से पहले स्वयं अपने प्राण त्याग देता है, उसकी आत्मा भटकती रहती है। धार्मिक ग्रंथों और परंपराओं में भी इस विषय को गंभीरता से देखा गया है। इसलिए किसी भी कठिन परिस्थिति में व्यक्ति को हार नहीं माननी चाहिए और मदद लेने की कोशिश करनी चाहिए।”
कमरे में फंदे से लटका मिला था शवबता दें कि संचिता उगले टीवी धारावाहिक कुमकुम भाग्य और फिल्म छावा में अपने काम के लिए जानी जाती थीं। 14 जून को उनका शव उनके घर के बेडरूम में पंखे से लटका हुआ मिला था। शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ, जिसके बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
संचिता के करीबी लोगों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। वहीं उनके पिता ने एक इंटरव्यू में बताया कि परिवार को इस बात का अंदाजा हो गया था कि उनकी बेटी अवसाद से जूझ रही है। इसी वजह से वे उसे अधिकतर समय अकेला नहीं छोड़ते थे। हालांकि घटना वाले दिन कुछ समय के लिए वह अकेली रह गईं और इसी दौरान यह दुखद हादसा हो गया।
व्हाट्सऐप चैट्स को लेकर भी हो रही चर्चाइस मामले के बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया है कि संचिता उगले के कुछ कथित व्हाट्सऐप चैट्स सामने आए हैं। इन चैट्स में उन्होंने कथित तौर पर एक मनोवैज्ञानिक से अपने डर और मानसिक परेशानियों का जिक्र किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने बार-बार डरावने सपने आने और मानसिक बेचैनी जैसी बातों का उल्लेख किया था।
हालांकि, इन चैट्स की प्रामाणिकता को लेकर अभी तक किसी आधिकारिक एजेंसी या पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। वहीं संचिता की एक करीबी मित्र ने भी दावा किया है कि अभिनेत्री जनवरी 2026 से अवसाद की समस्या से जूझ रही थीं। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।