टीवी अभिनेत्री संचिता उगले के असामयिक निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों, परिवार और मनोरंजन जगत के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज 22 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली संचिता के निधन पर उनके साथ काम कर चुके कलाकार भी भावुक नजर आए। 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में उनके सह-कलाकार रहे सोराब बेदी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सोराब बेदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, नहीं छोटू... तुम मेरी सबसे पसंदीदा थीं, हो और हमेशा रहोगी। तुम्हारी कमी हमेशा महसूस होगी। उनके इस संदेश ने संचिता के प्रति उनके स्नेह और सम्मान को उजागर किया। 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' जैसे चर्चित टीवी धारावाहिकों में अपनी पहचान बनाने वाली संचिता सोमवार को मुंबई के नालासोपारा स्थित अपने घर में मृत पाई गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला आत्महत्या से जुड़ा बताया जा रहा है।
बेडरूम में मिला शव, कमरे का दरवाजा था बंदपुलिस अधिकारियों के अनुसार यह दुखद घटना 14 जून की शाम नालासोपारा ईस्ट के अचोले गांव स्थित साईं संतोषी बिल्डिंग में हुई। जांच में सामने आया कि संचिता अपने कमरे में छत के पंखे से साड़ी के सहारे लटकी हुई मिलीं। बताया गया कि उस समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए वसई-विरार म्युनिसिपल कॉरपोरेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचोले पुलिस स्टेशन के एपीआई विनोद बाग ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, यह घटना 14 जून को शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हुई। संचिता ने अपने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया था और पंखे से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली थी। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने आगे बताया कि 15 जून को मृतका के पिता मचिंदा उगाले द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर अचोले पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
भाई ने लगाए इंडस्ट्री पर गंभीर आरोपसंचिता की मौत के बाद उनके भाई अविनाश उगाले ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए कुछ अहम बातें सामने रखीं। उन्होंने दावा किया कि संचिता की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को समर्पित थी, जिनका निधन 14 जून 2020 को हुआ था।
अविनाश का कहना है कि संचिता ने जानबूझकर 14 जून की तारीख को चुना और उस समय यह कदम उठाया जब वह घर में अकेली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिनेत्री लंबे समय से मनोरंजन उद्योग में मिलने वाले दबाव, काम के सीमित अवसरों और कुछ वरिष्ठ लोगों द्वारा किए जाने वाले अपमान से परेशान थीं।
उन्होंने बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री को लेकर भी नाराजगी जताई और इसे बेहद विषाक्त तथा असंवेदनशील माहौल वाला बताया। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।